मौत को मात, अखाई घाट के पास सूखे कुएं में गिरी बोलेरो, रस्सियों के सहारे बचाई तीन जिंदगी

Adhiraj Awasthi
बदरवास
। शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग के बदरवास कस्बे के पास मौजूद अखाई घाट के पास रविवार देर शाम 7 बजे एक बोलेरो वाहन सूखे कुएं में जा गिरा। घटना की सूचना पर डायल 112 मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों के साथ रेस्क्यू कर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि वाहन में सवार 3 लोग मामूली रूप से घायल हुए है, जिनको प्राथमिक इलाज के लिए बदरवास अस्पताल लाया गया है। वाहन अभी भी कुएं में ही पड़ा हुआ है। यह सभी लोग अशोकनगर से शिवपुरी आ रहे थे, तब यह हादसा हुआ।

जानकारी के मुताबिक शिवपुरी के फिजिकल निवासी सचिन पुत्र सतीश बाथम, वंदना आदिवासी व केशव यादव किसी काम से अशोकनगर एक बोलेरो वाहन में सवार होकर गए थे। यह लोग रविवार देर शाम अशोकनगर से वापस आ रहे थे। जैसे ही यह लोग अशोकनगर के नई सराय थाना क्षेत्र के अखाई घाट के पास पहुंचे तो वाहन अनियंत्रित होकर रोड किनारे एक सूखे कुएं में जा गिरा।

हादसे में वाहन में सवार तीनों लोगों को मामूली चोटें आई है। वाहन कुएं में गिरने के बाद सचिन ने डायल 112 को कॉल किया तो थाना बदरवास से डायल 112 के सैनिक अंकेश रघुवंशी व पायलट नवल भिलाला मौके पर पहुंचे और फिर आसपास के लोगों के साथ रस्सी से रेस्क्यू कर तीनों लोगों को कुएं में से बाहर निकाला और बदरवास अस्पताल लेकर आए। यहां पर प्राथमिक इलाज के बाद तीनों शिवपुरी के लिए किसी दूसरे वाहन से रवाना हो गए है। वाहन को कुएं में से निकलवाने की व्यवस्था बाद में की जाएगी।