Shivpuri News, महाराणा प्रताप कॉलोनी में बच्चों के खेल में लहराने लगी तलवार, पुलिस की जांच शुरू

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी । शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र की महाराणा प्रताप कॉलोनी में बच्चों के खेलने के दौरान हुए शोर को लेकर पड़ोसियों के बीच विवाद बढ़ गया। मामला गाली-गलौज, तलवार लहराने और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शोर को लेकर शुरू हुआ विवाद
वाहिद पुत्र नजीर खान (38) के अनुसार 24 फरवरी की शाम करीब 6 बजे उसके बच्चे घर के सामने खेल रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले मुबारिक खान ने बच्चों के शोर को लेकर आपत्ति जताई। इस पर वाहिद ने कहा कि बच्चे घर के सामने ही खेलेंगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया।

तलवार लहराने और धमकी का आरोप
वाहिद का आरोप है कि मुबारिक खान ने गाली-गलौज शुरू कर दी। कुछ देर बाद सामिर, जलील और खलील बान भी मौके पर पहुंच गए और वे भी विवाद में शामिल हो गए। विरोध करने पर मुबारिक खान तलवार लेकर आ गया।

इसी दौरान निसार और मोहिन खान ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पीड़ित के अनुसार, जाते-जाते आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी, जिसके बाद वह थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
कोतवाली पुलिस ने मुबारिक खान, सामिर, जलील और खलील बान के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की जांच के साथ ही मामले की विवेचना की जा रही है।