Shivpuri News, शादी की खुशियां मातम में बदली: बहन के घर मंडप में जा रहे पति-पत्नी को ट्रक ने रौंदा

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग के रन्नौद रन्नौद क्षेत्र के गुरुकुदवाया निवासी एक दंपती की अशोकनगर में एक ट्रक की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना में दंपती की 8 साल की बेटी बाल-बाल बची जो कि ट्रक की टक्कर लगने के बाद उछलकर दूर जा गिरी। अशोकनगर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। इधर घटना के बाद से गुरुकुदवाया गांव में शोक का माहौल है। मृतक दंपती रिश्तेदारी में आयोजित शादी में शामिल होने जा रहे थे, तभी यह घटना हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गुरुकुदवाया निवासी इंद्रभान ओझा उम्र 50 साल अपनी पत्नी गुड्डी बाई उम्र 46 साल और 8 साल की बेटी के साथ बाइक पर सवार होकर अशोकनगर जा रहे थे। इंद्रभान अपनी बहन के घर आयोजित शादी समारोह के मंडप कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे। खुशियों का माहौल था और परिवार अपनी मंजिल के बेहद करीब पहुंच चुका था।

मंजिल से कुछ ही दूरी पर हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इंद्रभान अशोकनगर शहर में प्रवेश कर चुके थे और उनकी बहन का घर वहां से कुछ ही दूरी पर स्थित था। इसी दौरान एक चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इंद्रभान और उनकी पत्नी गुड्डी बाई ट्रक के पहियों की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बेटी को मिला जीवनदान
इस भयानक मंजर के बीच एक चमत्कार भी देखने को मिला। टक्कर लगते ही दंपती की 8 साल की मासूम बेटी बाइक से उछलकर सड़क से काफी दूर जा गिरी। खुशनसीबी रही कि वह ट्रक की चपेट में आने से बच गई और उसे मामूली चोटें आई हैं। अपनी आंखों के सामने माता-पिता को खो देने वाली इस बच्ची की हालत देख वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।

गांव में शोक की लहर, जांच में जुटी पुलिस
हादसे की खबर मिलते ही गुरुकुदवाया गांव में सन्नाटा पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अशोकनगर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।