karera में पार्षद खुशबू यादव का गोबर फेको आंदोलन, गंदगी से परेशान थी

Adhiraj Awasthi

करैरा। शिवपुरी जिले के नगर परिषद करैरा के वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद खुशबू पृथ्वी यादव ने प्रशासन के खिलाफ एक बेहद ही अनोखा और उग्र विरोध प्रदर्शन किया। पार्षद ने नगर परिषद कार्यालय के मुख्य द्वार पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से गोबर डलवा कर अधिकारियों और परिषद के रवैये के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की हैं।

सड़क पर आया गुस्सा
पार्षद खुशबू यादव का आरोप है कि उनके वार्ड की कई महत्वपूर्ण गलियां लंबे समय से बंद पड़ी हैं और जर्जर हालत में हैं। उन्होंने बताया कि कई निर्माण कार्यों की तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन इसके बावजूद जानबूझकर काम शुरू नहीं कराया जा रहा है। बार-बार शिकायत और परिषद की बैठकों में मुद्दा उठाने के बाद भी जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो उन्हें यह प्रतीकात्मक रास्ता अपनाना पड़ा।


प्रदर्शन के दौरान पार्षद ने तीखे शब्दों में कहा पूरे शहर और वार्ड की हालत परिषद की लापरवाही से गोबर जैसी होती जा रही है, इसलिए मैंने यह गोबर यहाँ डलवाया है ताकि सोता हुआ प्रशासन जागे। इस दौरान नगर परिषद के कर्मचारी और वहां मौजूद लोग इस मंजर को देखकर दंग रह गए।

अध्यक्ष के घर के घेराव की चेतावनी
पार्षद ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यह तो केवल शुरुआत है। यदि जल्द ही वार्ड 15 के रुके हुए विकास कार्य और नई सड़कों का निर्माण शुरू नहीं किया गया, तो आने वाले समय में वे नगर परिषद अध्यक्ष के निवास के बाहर भी इसी तरह गोबर डालकर प्रदर्शन करेंगी और पूरे शहर में आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा।