शिवपुरी,खाटू श्याम मंदिर की चोरी का खुलासा-चोर ने कबूली 4 माह पुरानी मंदिर की चोरी

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी की देहात थाना पुलिस ने चोरी के एक ताज़ा मामले का न केवल 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है, बल्कि एक पुरानी बड़ी चोरी की वारदात को भी सुलझा लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी गया मशरूका और नकदी बरामद कर ली है।

जानकारी के अनुसार, बीती 18 फरवरी 2026 की रात होटल ठाठ-बाठ के पास स्थित एक दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोर ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में थाना देहात में अपराध क्रमांक 60/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजीव मुले एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास यादव ने टीम गठित की।

20 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने इंडस्ट्रियल एरिया में घेराबंदी कर सुखदेव धाकड़ (25 वर्ष) निवासी ग्राम कुदौनिया गणेश को धर दबोचा। आरोपी चोरी का सामान बेचने की फिराक में था।

खाटू श्याम मंदिर की चोरी भी कबूली
पूछताछ के दौरान आरोपी ने न केवल हालिया चोरी की बात मानी, बल्कि यह भी स्वीकार किया कि 4 माह पूर्व गुना बायपास स्थित खाटू श्याम मंदिर की दान पेटी से चोरी की वारदात को उसी ने अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से दुकान से चोरी गया सामान और नकदी बरामद कर ली है।

पुराना अपराधी है सुखदेव
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी सुखदेव धाकड़ एक आदतन अपराधी है। इससे पहले भी उसके विरुद्ध थाना फिजिकल और थाना कोतवाली में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी कड़ी पूछताछ कर रही है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस त्वरित कार्रवाई में निरीक्षक विकास यादव, प्रधान आरक्षक केशव सिंह राजावत, दीपचन्द्र, आरक्षक सचेन्द्र शर्मा, शकील खान, बदन सिंह, मिथुन, अरुण मेवाफरोस, बलवीर सिंह, नाहर सिंह और प्रमोद कुशवाह की मुख्य भूमिका रही।