Shivpuri News, करौंदी में अर्जुन की संदिग्ध की मौत,पड़ोसियों का शराब मे जहर देने का आरोप

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र अंतर्गत करौंदी कॉलोनी में गुरुवार रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक अर्जुन सिंह घर से निकलने के महज 15 मिनट बाद ही गंभीर हालत में मिला, जिसे खून की उल्टियां हो रही थीं। परिजनों द्वारा आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की बहन ने पड़ोसियों पर रंजिश के चलते शराब में जहर मिलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

15 मिनट में बिगड़ी तबीयत
मृतक की बहन राखी पुरी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 8:30 बजे उसका भाई अर्जुन सिंह घर से निकला था। लगभग 15 मिनट बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने घर पहुंचकर अर्जुन की तबीयत खराब होने की सूचना दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो वह एक क्लिनिक पर खून की उल्टियां करता मिला।

अस्पताल में तोड़ा दम
परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है।

जहर देने का आरोप
मृतक की बहन ने आरोप लगाया है कि उसके भाई की हत्या शराब में जहर मिलाकर की गई है। उनका कहना है कि कुछ समय पहले पड़ोसियों ने उनके भाइयों को जान से मारने की धमकी दी थी। घर से निकलने के कुछ ही समय बाद तबीयत बिगड़ना संदेह पैदा करता है।

पुलिस ने मर्ग कायम किया
फिजिकल थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।