नगर परिषद अध्यक्ष पहुंची शिवपुरी SP की चौखट पर,राजनीतिक रंजिश की भेंट चढ़ा पिछोर का विकास

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के नगर परिषद अध्यक्ष कविता पाठक के पति और पार्षद पति के खिलाफ पिछोर सीएमओ के आवेदन पर पिछोर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। कविता पाठक अपने पति विकास पाठक और पार्षद पति को झूठी एफआईआर से बचान के लिए आज एसपी ऑफिस शिवपुरी पहुंची और एक आवेदन दिया है।  अध्यक्ष का आरोप है कि CMO राजनीतिक द्वेष के चलते शहर के विकास कार्यों में बाधा डाल रहे हैं और उनके साथ अभद्रता की गई है।

मामले की जड़
शिकायत के अनुसार, 7 जनवरी 2026 को संबल योजना के तहत राशि वितरण के दौरान विवाद शुरू हुआ। अध्यक्ष का कहना है कि जब उन्होंने विकास कार्यों और 'कैश बुक' दिखाने की मांग की, तो CMO ने न केवल मना किया बल्कि उनके साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज भी की।

झूठी FIR का आरोप
अध्यक्ष ने दावा किया है कि CMO ने उनके पति विकास पाठक और वार्ड पार्षद पति कपिल मिश्रा के खिलाफ फर्जी तरीके से पुलिस केस (FIR No. 09/26) दर्ज कराया है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि उनके पति कार्यालय के अंदर गए ही नहीं थे, फिर भी उन पर सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाया गया। अध्यक्ष ने अब पुलिस अधीक्षक से इस मामले की निष्पक्ष जांच और CMO के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।

राजनीतिक रंजिश का हवाला
श्रीमती पाठक ने पत्र में स्पष्ट तौर पर कहा है कि वह कांग्रेस पार्टी से अध्यक्ष हैं, जबकि वर्तमान में प्रदेश में भाजपा की सरकार है और स्थानीय विधायक भी भाजपा से हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी राजनीतिक भिन्नता के कारण CMO, सत्ता के दबाव में उनके साथ और उनके समर्थकों के साथ लगातार भेदभाव कर रहे हैं और उन्हें परेशान कर रहे हैं।