Shivpuri में रामनगर टोल प्लाजा के खिलाफ कर्मचारियों का प्रदर्शन,फोरलेन जाम

Bhopal Samachar

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग के तेंदुआ सीमा से गुजरी कोटा-झांसी एनएच 27 पर स्थित रामनगर टोल प्लाजा पर आज बुधवार को टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने टोल प्लाजा के खिलाफ ही प्रदर्शन कर दिया। कर्मचारी अपने वेतन कटौती के कारण नाराज थे और आज काम बंद करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस कारण झांसी-कोटा फोरलेन पर वाहनों का लंबा जाम लग गया,

कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले तीन महीनों से उनके मूल वेतन में लगातार कटौती की जा रही थी। इस संबंध में उन्होंने कई बार टोल प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं मिला। 20 जनवरी को जब दिसंबर माह का वेतन उनके खातों में आया, तो उसमें भी कटौती पाई गई। इससे कर्मचारियों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने एकजुट होकर काम रोकने का फैसला किया।

सड़क के दोनों और जाम की स्थिति बनी
करीब 25 से 30 नाराज कर्मचारियों ने टोल का काम बंद कर दिया और हाईवे पर नारेबाजी शुरू कर दी। इसके परिणामस्वरूप टोल वसूली ठप हो गई और सड़क के दोनों ओर जाम की स्थिति बन गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए टोल प्रबंधन ने कर्मचारियों से बातचीत की। प्रबंधन ने एक दिन के भीतर उनकी समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन के लगभग आधे घंटे बाद कर्मचारी काम पर लौट आए, जिसके बाद टोल प्लाजा पर यातायात सामान्य हो सका।