Shivpuri News: काजल और मनु ने जीते स्वर्ण पदक, राज्य और संभाग स्तर पर हुआ चयन

Bhopal Samachar

पिछोर। खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 में पिछोर क्षेत्र के युवाओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। एथलेटिक्स और कुश्ती स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए काजल लोधी और मनु राजा परमार ने जीत का परचम लहराया है।

काजल लोधी: ट्रैक पर बिखेरा जलवा
ग्राम लभेड़ा निवासी अमोल सिंह लोधी की बेटी काजल लोधी ने एथलेटिक्स में अपनी रफ्तार से सबको चौंका दिया। काजल ने एक ही प्रतियोगिता में तीन पदक अपने नाम किए है। काजल लोधी ने रिले रेस,400 मीटर की रेस में गोल्ड मेडल और 100 मीटर की रेस में सिल्वर मेडल जीता है। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर काजल का चयन अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हो गया है। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।

मनु राजा परमार, कुश्ती के मैदान में बने विजेता
दूसरी ओर, जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के 65 किलो भार वर्ग में करारखेड़ा हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र मनु राजा परमार ने स्वर्ण पदक हासिल किया। मनु ने अपनी बेहतरीन तकनीक और दमदार खेल से प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए यह जीत दर्ज की। इस सफलता के बाद मनु का चयन ग्वालियर संभाग स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जो 21 से 25 जनवरी तक आयोजित की जाएगी।

विद्यालय और क्षेत्र में हर्ष का माहौल
करारखेड़ा स्कूल के प्राचार्य रमन पुरोहित ने मनु की सफलता को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताया। मनु की जीत पर उनके पिता इंद्रपाल सिंह परमार, कोच बल्ली पहलवान, खेल शिक्षक संतोष त्रिपाठी और विद्यालय स्टाफ ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।