पिछोर। शिवपुरी जिले के पिछोर थाना सीमा में एक युवक की आत्महत्या के मामले में उसकी पत्नी और प्रेमी को पुलिस ने आरोपी बनाया था। पत्नी और उसके प्रेमी पर पुलिस ने 5-5 हजार रु. का इनाम घोषित था। दोनों को पिछोर थाना पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम काली पहाड़ी जराय निवासी धर्मेंद्र यादव उम्र 25 साल पुत्र भगवत सिंह यादव ने 17-18 अगस्त 2025 को ससुराल ग्राम दबिया में जहर खा लिया था। उल्टी होने पर इलाज के लिए पिछोर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान झांसी में धर्मेंद्र यादव ने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने धर्मेंद्र की मौत के लिए पत्नी रुक्मणी यादव और उसके प्रेमी इंदर सिंह यादव को जिम्मेदार ठहराया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया था। फरार चल रहे दोनों के खिलाफ 5-5 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस ने बुधवार को दबिया गांव से धर्मेंद्र की पत्नी रुक्मणी उम्र 20 साल और रुक्मणी के प्रेमी इंदर सिंह उम्र 36 साल पुत्र लखन सिंह यादव निवासी ग्राम चका लोहरच्छा थाना मायापुर को गिरफ्तार कर लिया।