Shivpuri News: कागजो में 6 लाख की नाली, सडक से नाली चुराने वाला सचिव सस्पैंड

शिवपुरी। पिछोर जनपद की ग्राम पंचायत कछौआ में कागजों में 5.68 लाख रु.की लागत से बनी नाली सड़क पर दिख रही थी,लेकिन धरातल पर जांच में सड़क से नाली गायब मिली। सड़क से नाली का अपहरण करने वाले सचिव को जिला पंचायत सीईओ ने पिछोर जनपद की ग्राम पंचायत कछौआ में 15वें वित्त की राशि के गबन मामले में खोड के मौजूदा सचिव को निलंबित कर दिया है। सचिव को जनपद मुख्यालय पिछोर अटैच किया गया है।

जानकारी के मुताबिक पिछोर जनपद की ग्राम पंचायत कछौआ में 15वें वित्त से नाली बनाने के लिए साल 2022-23 में 5.68 लाख रुपए जारी हुए थे। निर्माण कार्य (प्रभु वंशकार के घर से ब्रगभान के घर तक) कराना था। लेकिन तत्कालीन पंचायत सचिव और सरपंच ने पंचायत के खाते से 5,68,800 रुपए निकाल लिए और मौके पर कोई काम नहीं कराया।

मीडिया ने इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था कि ग्राम पंचायत कछौआ के तत्कालीन सचिव अजय लोधी के आवेदन के आधार पर पिछोर जनपद सीईओ ने जांच कराई। जनपद सीईओ ने 24 नवंबर 2025 को जिला पंचायत सीईओ को प्रस्ताव भेजा। शिकायत की जांच कर प्रतिवेदन अनुसार शिकायत सत्य पाई गई। तत्कालीन सचिव सुरेंद्र शर्मा (वर्तमान सचिव ग्राम पंचायत खोड) दोषी पाया गया है। मप्र पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम 1999 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सचिव को जनपद पंचायत मुख्यालय पिछोर अटैच किया गया है।