शिवपुरी। शिवपुरी जिले के आसमान का अपना परमानेंट एड्रेस बना चुकी काली घनी घटाओ ने रविवार की शाम से बरसना शुरू कर दिया है। रविवार के शाम लगभग डेढ़ घंटे पानी बरसा इस बरसात के कारण फसलों में नुकसान हुआ है। किसान खेतों में कटी मक्का की फसल को तिरपाल के सहारे बचाते नजर आए,वही सोयाबीन और उड़द में नुकसान हुआ है। कई स्थानों पर टमाटर की फसल खेतों में बिछ गई। आज सोमवार को सुबह 10 मिनिट फिर बारिश हुई है वही सोमवार और मंगलवार को पानी बरसने की संभावना है।
रविवार की सुबह से ही सूरज आसमान से लुका-छिपी खेल रहा था। दोपहर 12 बजे के बाद तो हालात यह बने कि बादलों ने आसमान को पूरी तरह से ढक लिया, पूरा माहौल उमस भरा हो गया। इसी बीच आसमान में छाए बादल शाम चार बजे के बाद बरसना शुरू हुए। तेजी के साथ बारिश बरसना शुरू हुई और शाम सात बजे तक ब्रेक ले-ले कर कभी तेज तो कभी मध्यम गति से वर्षा होती रही।
इस बारिश ने कई किसानों का नुकसान कर दिया। एक ओर जहां ग्राम पंचायत मकरारा अंतर्गत आने वाले ग्राम टोड़ा में आज ही किसान माखन यादव ने अपनी मक्का की फसल की श्रेसिंग की थी। उसकी फसल खेत में डली ही थी, तभी अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे उसकी पूरी फसल भीग गई। माखन के अनुसार उसकी आधी फसल तो बारिश के पानी के साथ मिट्टी में ही मिल गई।
वहीं दूसरी ओर ग्राम टोंगरा निवासी हजरत सिंह के खेत में खड़े टमाटर के पौधे बारिश के चलते खेत में बिछ गए। इसी तरह से अलग-अलग क्षेत्रों में कई किसानों का नुकसान हुआ है,इस बारिश के कारण मक्का की फसल काटने वाले किसानों को अब 4 दिन तक और इंतजार करना पडेगा।
सामान्य से 73% से अधिक बारिश
भू-अभिलेख शिवपुरी के अधीक्षक के अनुसार, 1 जून 2025 से अब तक जिले में कुल 1415.24 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। यह पिछले वर्ष की इसी अवधि में हुई 1243.36 मिमी बारिश से 171.88 मिमी अधिक है। जिले की सामान्य औसत वर्षा 816.3 मिमी है, जिसके मुकाबले इस साल अब तक लगभग 73% अधिक बारिश हुई है।