Shivpuri में जली रोटी पर छिड़ा खूनी संघर्ष, गिर्राज होटल में ग्राहक को शिकायत करने पर सरियों से पीटा

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ पोहरी रोड स्थित गिर्राज होटल में महज एक जली हुई रोटी का विरोध करने पर ग्राहक महेश परिहार पर जानलेवा हमला कर दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि होटल संचालक मुकेश रावत, उसके भाइयों और वेटर ने मिलकर उसे न केवल गालियां दीं, बल्कि लोहे के सरिए और लात-घूसों से इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी आंख और चेहरे पर गंभीर घाव हो गए।

वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़ित को झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी, जिसके विरोध में मंगलवार को पीड़ित ने एसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपियों पर कड़ी धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की है।

चक्क बिजरावन गांव निवासी पीड़ित महेश परिहार ने अपनी शिकायत में बताया कि वह 2 मार्च की रात करीब 8 बजे पोहरी रोड स्थित गिर्राज होटल पर खाना खाने गया था। जब उसने खाने के दौरान वेटर से रोटी मांगी, तो उसे जली हुई रोटी परोस दी गई। महेश ने इसका विरोध करते हुए होटल संचालक को इस बात की जानकारी दी, जिसके बाद मामूली सी बात पर यह विवाद गहरा गया।

जमीन पर पटक कर पीटा, आंख और गाल पर आईं चोटें
पीड़ित का आरोप है कि जली रोटी की शिकायत से नाराज होकर होटल संचालक मुकेश रावत, उसके दो भाइयों और वेटर ने मिलकर उसे गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उन्होंने महेश पर लात-घूसों और लोहे के सरिये से हमला कर दिया। महेश के अनुसार, उसे जमीन पर पटक कर इतनी बेरहमी से पीटा गया कि उसकी आंख के ऊपर, गाल और कंधे में गंभीर चोटें आई हैं।

झूठे केस में फंसाने की धमकी
मारपीट के बाद आरोपियों ने महेश परिहार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि यदि उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, तो उसे किसी झूठे मामले में फंसा दिया जाएगा। इस धमकी और मारपीट से आहत होकर पीड़ित ने मंगलवार को एसपी कार्यालय में आवेदन देते हुए आरोपियों के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं जनजाति (SC/ST) अधिनियम सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की है।