Kuno का चीता पोहरी सीमा में, रोड से आने जाने वाले ग्रामीणों में दहशत

पोहरी। कूनो नेशनल पार्क से निकला एक चीता लगातार पोहरी क्षेत्र की सीमा से लगे गाँवों में घूमता दिखाई दे रहा है। ताज़ा मामला ककरा गाँव और रिछाई मोड़ का है, जहाँ स्थानीय लोगों ने खुलेआम सड़क पर चीते को देखा। इस घटना से ग्रामीणों में खौफ का माहौल व्याप्त है।

भाजपा महामंत्री पृथ्वीराज सिंह जादौन ने बताया कि ककरा गाँव के पास मुख्य सड़क पर कई बार चीते को देखा गया है। ग्रामीण अब रात में सड़क से निकलने से डर रहे हैं। यह स्थिति गंभीर होती जा रही है।" वहीं गल्थुनी के सरपंच नंद सिंह राजावत ने भी घटना की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि मैं जब अपने गाँव से लौट रहा था तभी रिछाई के मोड़ पर चीते को देखा। यह दृश्य काफी खतरनाक था और इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं।"

ग्रामीणों का कहना है कि ककरा और रिछाई, अहेरा मडखेडा देहदे बासेड की सीमाएँ कूनो पार्क से लगी हुई हैं, जिसके कारण अक्सर वन्य जीव यहाँ तक पहुँच जाते हैं। लेकिन इस बार चीते का दिन-दहाड़े सड़क पर दिखाई देना लोगों के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गया है।

 गिरिराज आदिवासी ने बताया कि हम खेतों की ओर जाने से डर रहे हैं। चीते की दहशत के कारण गाँव के लोग अब समूह में ही बाहर निकलते हैं। रात में सड़क से गुजरना तो लगभग बंद हो चुका है।

 किसान रामलाल आदिवासी  ने कहा कि पहले जंगली सूअर और नीलगाय का डर रहता था, लेकिन अब चीते के कारण हालात और भी डरावने हो गए हैं। हम चाहते हैं कि प्रशासन तुरंत सुरक्षा के इंतजाम करे।

गांव में फैले इस खौफ को देखते हुए ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि चीते की मूवमेंट पर निगरानी नहीं रखी गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इस समय कूनो की सीमा से लगे ककरा, रिछाई और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है और लोग खेतों में जाने से भी कतरा रहे हैं।