शिवपुरी। वर्ल्ड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) डे के अवसर पर गीता पब्लिक स्कूल में एक अभिनव कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन एआई टूल्स की सहायता से किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य था विद्यार्थियों को एआई तकनीक की कार्यप्रणाली, संभावनाओं और चुनौतियों से अवगत कराना। विद्यार्थियों ने चैट जीपीटी, जेमिनी, माइक्रोसॉफ्ट कोपायलट, कैनवा, डॉल ई,बिंग इमेज क्रिएटर जैसे टूल्स का प्रयोग कर अलग-अलग प्रोजेक्ट्स बनाए और प्रस्तुतियां दीं।
दिए गए प्रेजेंटेशन में विद्यार्थियों ने विराट कोहली को स्कूल कैंपस में क्रिकेट खेलते हुए दिखाया, दूसरे विद्यार्थी ने स्कूल की एटीएल लैब में अपने फ्रेंड्स के साथ रोबोट बनाते हुए दिखाया, किसी ने पक्षियों के साथ खुद को पंख लगाते हुए आसमान में उड़ते हुए दिखाया, तो किसी ने खुद को बिल गेट्स के साथ ऑफिस में चाय पीते हुए दिखाया। एक प्रेजेंटेशन में विद्यार्थियों ने एआई आर्ट टूल्स से खुद को सुपरहीरो के रूप में प्रस्तुत किया, जो स्कूल में पर्यावरण की रक्षा कर रहे थे।
वहीं एक विद्यार्थी ने चैट बॉक्स में कमांड देते हुए कहा कि अमिताभ बच्चन ने गीता पब्लिक स्कूल शिवपुरी के ग्राउंड में विद्यार्थियों के साथ फुटबॉल खेली। जिसमें एक ए आई आकृति जनरेट हुई जिसमें कुछ विद्यार्थी अमिताभ बच्चन के साथ ग्राउंड में फुटबॉल खेल रहे थे। जिसमें स्कूल का नाम गीता पब्लिक स्कूल लिखा हुआ था।
इस अवसर पर स्कूल संचालक ने कहा कि एआई केवल तकनीकी शिक्षा का नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का भी माध्यम बन रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में ए आई का दायरा और भी विस्तृत होगा - शिक्षा, चिकित्सा, अंतरिक्ष, कृषि, सुरक्षा, वाणिज्य और संचार जैसे अनेक क्षेत्रों में इसकी प्रभावशाली भूमिका होगी।
साथ ही AI के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम में यह स्पष्ट किया गया कि AI एक शक्तिशाली उपकरण है, लेकिन इसका उपयोग सावधानी, नैतिकता और सतर्कता के साथ किया जाना आवश्यक है। बिना सोचे-समझे AI का उपयोग गलत जानकारी, भ्रामक चित्रों या डेटा लीक जैसी समस्याएं पैदा कर सकता है - यह संदेश विद्यार्थियों को दिया गया।
