शिवपुरी। शिवपुरी नगर पालिका में पिछले 3 सालों से पार्षद और नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा के बीच खींचतान चल रही है। पार्षद हठधर्मिता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते आए है,आपसी मनमुटाव इतना बढ़ गया कि अब करैरा के बगीचा सरकार पर पार्षद नगर सरकार का तख्तापलट करने के शपथ तक ले आए। इस घटनाक्रम के बाद शिवपुरी विधायक देवेन्द्र जैन और भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव ने पार्षदों को मनाने का प्रयास किया,लेकिन वह सफल नहीं हो सके।
इस घटना के बाद गायत्री शर्मा का हठयोग जारी है इस हठयोग पर पार्षद भाजपा पर गायत्री शमा को पद से हटाने लिए अडे है नहीं तो सामूहिक रूप से त्याग पत्र की घोषणा कर चुके है। आज इसी क्रम में कलेक्टर शिवपुरी रविन्द्र चौधरी ने भाजपा के पार्षदों की एक मीटिंग कलेक्ट्रेट सभागार में ली। इस बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव भी मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि यह मीटिंग केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के निर्देशों पर की गई थी। भाजपा और निर्दलीय पार्षदों की बैठक जिलाधीश में जिलाधीश रविन्द्र कुमार चौधरी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने चर्चा की और कहा कि समन्वय बनाकर कर कार्य करें, साथ ही आपके वार्डों में जिनमें काम नहीं हुए हैं उनकी सूची तैयार कराई जाए साथ ही जिन वार्डों में काम हो गए हैं उनके भुगतान नहीं हो पा रहे हैं ऐसे वार्डों के कार्यो की बारीकी से समीक्षा करें उनके भुगतान भी कराई जाएंगे उक्त उद्गार भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने व्यक्त किए।
इस अवसर पर सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराए जाने की बात जिलाधीश रविन्द्र कुमार चौधरी ने रखी और साथ ही कहा कि नगर पालिका के कार्यों की मॉनिटरिंग एडीएम दिनेश चंद्र शुक्ला द्वारा की जाएगी। साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि 24 जून को केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सभी पार्षदों से भी चर्चा करेंगे।
अंटी मार कर खाई थी कसम: जसमंत जाटव
भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव ने कहा कि करेरा बगीचा सरकार धार्मिक स्थान हैं जहां भगवान के दर्शनों के लिए सभी पार्षद गए थे। दर्शन करने के बाद उन्होंने अंटी मार कर कसम खाई थी, उसका क्या महत्व हैं। आज सभी पार्षदों ने एक मत होकर कहा है कि वार्ड की जो समस्या हैं उनका हम समाधान करेंगे।
-
हम झुक जाये तो मसला हल हो जाएगा लेकिन कत्ल हमारे किरदार का हो जाएगा: पार्षद ओमी जैन
वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद ओमी जैन ने कहा कि जिलाधीश रविन्द्र कुमार चौधरी ने पार्षदों को समझाऐं साथ ही उन्होंने कहा कि जो घपले हैं उनकी जांच कराई जाएगी साथ ही उन्होंने कहा कि जो फाइल नहीं मिल रही हैं कहां उन्हें नपा कार्यालय में मंगाया जाएगा। इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष सरोज रामजी व्यास ने कहा कि समन्वय बनाने की बात कहीं हैं साथ ही केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के निर्देश बैठक बुलाई थी हम उनसे मिलकर अपनी बात भी रखेंगे। आगे पार्षद ओमी जैन ने कहा कि हमारी तो एक ही समस्या हैं अध्यक्ष को हटाना। आगे शायराना अंदाज में कहा कि हम झुक जाऐं तो मसला हल हो जाएगा लेकिन कत्ल हमारे किरदार का हो जाएगा।
श्रीमंत सरकार के हाथ भविष्य नगर सरकार का
इस मामले में भाजपा के एक पार्षद का नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि अब पार्षद नही मानेगें,पिछले सालो से पार्षद ही झुकते आए है अब नहीं झुक सकते। नगर पालिका में भेदभाव चरम पर है और भ्रष्टाचार के आंकठ में डूबी हुई हैं। फाइल गायब है और विकास धरातल से,जनता के काम नहीं हो रहे है। काम करने के लिए पहले पत्नी फिर पति और उसके बाद ठेकेदार के पाँव छूने पडते है। तमाम शिकायतों के बाद भी कोई असर नहीं है। संगठन को अपने स्तर पर हमने अवगत करा दिया है। अब हमारे केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आगे पार्षदों की बैठक लेंगे उसके बाद ही निर्णय होगा। कुल मिलाकर श्रीमत सरकार के हाथ में नगर सरकार का भविष्य है।
भाजपा के साथ प्रशासन भी भेदभाव कर रहा हैं: नेता प्रतिपक्ष शशि शर्मा
नेता प्रतिपक्ष शशि शर्मा ने भेदभाव के आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा शासन के जनप्रतिनिधि भेदभाव करें तो चलेगा लेकिन अब प्रशासन भी भेदभाव कर रहा हैं, उन्होंने कहा कि आज भाजपा पार्षदों एवं निर्दलीय पार्षद की बैठक जिला प्रशासन ने बुलाई हैं, लेकिन हम कांग्रेसी पार्षदों को इस बैठक में बुलाया तक नहीं हैं, क्या हमारे वार्डों कोई समस्या नहीं हैं, लेकिन बाद में इन कांग्रेसी पार्षदों से भी जिलाधीश रविन्द्र कुमार चौधरी ने चर्चा की और उनकी समस्याओं को भी सुना। इस अवसर पर शशि शर्मा के साथ मोनिका सड़ैया, पप्पू पार्षद, ममता धाकड़ सहित अन्य कांग्रेसी पार्षद उपस्थित रहे।