पिछोर। शिवपुरी जिले के पिछोर थाना अंतर्गत ग्राम कछौआ निवासी एक पिता-पुत्र शुक्रवार शाम से गायब हैं। दोनों का अपने ही रिश्तेदारों से विवाद हुआ था और उसके बाद वह दोनों नहीं मिले, केवल दोनों की रक्त से सनी हुई चप्पलें, तौलिया व टूटा हुआ मोबाइल मिला है। परिजन ने मामले को हत्या बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
इधर पुलिस भी मामले को गंभीरता से लेकर गायब हुए पिता-पुत्र सहित जिन लोगों पर आरोप लगे हैं, उनकी तलाश में जुटी है। लेकिन न तो पिता-पुत्र मिल रहे और न ही वह लोग जिन पर आरोप लगाए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक ग्राम कछौआ के राजपुर निवासी महिला सुमेधा लोधी ने बताया कि उसका पति हरगोविंद लोधी उम्र 50 साल व बेटा पुष्पेन्द्र उम्र 24 साल दोनों शुक्रवार शाम 5 बजे खेत पर काम के लिए गए थे। इसके बाद वह देर रात तक वापस नहीं लौटे। सुबह जब खेत पर देखा तो वहां दोनों की खून से सनी चप्पलें, तौलियां व टूटा हुआ मोबाइल मिला है। आसपास भी खून बिखरा मिला।
परिजनों का कहना है कि हमारे ही रिश्तेदारों ज्ञान सिंह, शीलचंद, चिंटू, बृखभान व पुन्ना आदि ने दोनों की हत्या कर शव ठिकाने लगा दिए हैं। दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद चल रहा है। इधर पुलिस भी मामले को गंभीर मानते हुए जांच कर रही है। वहीं जिन 5 लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। वह भी अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर गायब हैं। बताया जा रहा है कि जो हरगोविंद गायब है। उस पर ज्ञान सिंह के पक्ष से एक हत्या व पास्को एक्ट का केस दर्ज कराया था और उस मामले में कुछ साल जेल रहने के के बाद हरगोविंद कोर्ट से बरी हो गया था।
यह बोले पिछोर थाना प्रभारी
यह बात सही है कि दोनों पिता-पुत्र गायब हैं। उनकी रक्त से सनी चप्पलें व तौलियां मिली है। जिन पर परिजन आरोप लगा रहे हैं, वह भी गायब हैं। मामला हत्या का हो सकता है। हम पूरी तत्परता से मामले में कार्रवाई कर रहे हैं। अभी तक किसी का पता नहीं चला है।
जितेंद्र मावई, टीआई, पिछोर।