शिवपुरी। शिवपुरी की करैरा विधानसभा क्षेत्र की भाजपा में एक बार फिर आंतरिक विवाद सामने आया है। सोमवार को भाजपा करैरा मंडल के दो प्रमुख पदाधिकारी महामंत्री अनिल कुमार बंसल और मंडल उपाध्यक्ष देवेन्द्र जैन ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। दोनों नेताओं ने फेसबुक पर इस्तीफे की घोषणा की।
महामंत्री अनिल बंसल ने अपने फेसबुक पोस्ट में कहा कि उन्हें पार्टी कार्यक्रमों की जानकारी तक नहीं दी जाती थी। इससे कार्यकर्ताओं में निराशा बढ़ रही थी। उन्होंने बताया कि मैंने पार्टी के लिए निस्वार्थ भाव से काम किया, लेकिन जब उपेक्षा ही मिल रही है तो पद पर बने रहना उचित नहीं।
देवेन्द्र जैन ने निजी कारणों से पद छोड़ा
वहीं, मंडल उपाध्यक्ष देवेन्द्र जैन ने निजी कारणों और व्यस्तता का हवाला देते हुए पद छोड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि व्यस्तता के चलते पद की जिम्मेदारी नहीं निभा पा रहे थे।
करैरा क्षेत्र से विधायक रमेश खटीक और भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव के बीच पहले से मतभेद की चर्चाएं हैं। खटीक ने जाटव पर पूर्व में संगठन विरोधी गतिविधियों के आरोप भी लगाए थे और उनके जिला अध्यक्ष बनने पर आपत्ति जताई थी। अब मंडल स्तर पर दो प्रमुख नेताओं के इस्तीफे ने यह साफ कर दिया है कि भाजपा करैरा इकाई अंदरूनी कलह से जूझ रही है।