करैरा। शिवपुरी जिले के करैरा थाना सीमा में निवास करने वाली एक गर्भवती महिला के साथ बलात्कार करने का मामला संज्ञान में आया है। बताया जा रहा है कि 25 साल की विवाहिता को गणेशखेडा में निवास करने वाले एक युवक ने नहर किनारे से अपहरण किया और उसका जंगल में ले जाकर बलात्कार किया,इसके बाद उसे डरा धमकाकर ग्वालियर ले गया जहां महिला को बंद कमरे में बंधक बनाकर लगातार उसका बलात्कार किया। महिला किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकली और वापस अपने गांव पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना बताई।
महिला के लापता होने पर 3 मई को थाना करैरा में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह चौहान द्वारा 11 मई को महिला को दस्तयाब किया गया। इसके बाद महिला ने बयान में आपबीती बताई, जिसे सुनकर पुलिस भी सन्न रह गई।
महिला ने बताया कि घटना के दिन शाम करीब 5 बजे वह नहर किनारे टहलने गई थी, तभी ग्राम गणेश खेड़ा निवासी कप्तान कुशवाह पुत्र हरिसिंह कुशवाह, उम्र 30 वर्ष मिला और जबरन उसे जंगल की ओर ले गया। वहां उसके साथ बलात्कार किया। फिर आरोपी उसे डरा-धमकाकर बस से ग्वालियर ले गया।
ग्वालियर में एक अज्ञात स्थान पर कमरे में बंद कर लगातार बलात्कार करता रहा। महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपी उसे रात में करैरा छोड़कर भाग गया। इसके बाद महिला अपने गांव लौटी और पति व परिजनों को पूरी बात बताई। पीड़िता के बयान के आधार पर थाना करैरा पुलिस ने आरोपी कप्तान कुशवाह के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि विवेचना जारी है और आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है।
<