शिवपुरी। शिवपुरी जिले में सोमवार को तेज आंधी की चपेट में रहा,इस आंधी ने लागो का नुकसान किया। गनीमत यह रही कि यह आंधी शाम के बाद नहीं चली,अगर शाम को यह आंधी चलती तो कई शादियों को बड़े संकट का सामना करना पडता। इस आंधी से जिले में कई स्थानों पर पेड़ गिरे है। कोलारस में एक मकान आंधी का वेग नही झेल सका और वह गिर गया,इसमें 3 लोगों के घायल होने की खबर है।
बदरवास व शिवपुरी में पेड़ गिरने से उनकी चपेट में आने से आधा दर्जन से अधिक लोग मामूली रूप से घायल भी हुए है। जिले भर में यह आंधी 60-70 किमी प्रति घंटे की रतार से चलती रही। पेड़ गिरने के साथ कुछ जगह बिजली के पोल भी धराशाही हुए, जिससे पूरे दिन बिजली गायब रही।नगर वार्ड 9 में महेंद्र जाटव की बेटी देवकी जाटव की शादी का मंडप व दहेज का सामान रखा हुआ था। पास ही के मकान की तीसरी मंजिल की बाउंड्री तेज आंधी के कारण टूटकर नीचे गिरी जिससे दहेज का सामान टूट गया और बेटी की मां सरोज बाई व बुआ कविता के सिर में गंभीर चोटें आई है।
बाद में दोनों को इलाज के लिए बदरवास अस्पताल ले जाया गया। इसके अलावा बदरवास थाना प्रभारी विकास यादव के शासकीय निवास की चारो तरफ की बाउंड्री वॉल भी गिर गई। थाना परिसर में लगा पेड़ भी गिर गया। इसके अलावा कुछ अन्य स्थानों पर भी पेड़ गिरने की घटनाएं हुई हैं।
कोलारस में मकान क्षतिग्रस्त,तीन घायल
कोलारस के ग्राम टुडियावद के पीरा हार गांव में तेज आंधी व तूफान से एक गरीब युवक रघुवीर चिढ़ार का आशियाना उजड़ गया। मकान क्षतिग्रस्त होने से घर का पूरा सामान क्षतिग्रस्त होने से रघुवीर को करीब डेढ़ लाख रुपए का नुकसान हुआ है, वही घटना में रघुवीर की पत्नी गीता उम्र 50 साल, बेटी पूजा उम्र 10 साल अनुसुइया उम्र 17 साल व हर्षिता 10 साल गंभीर घायल हो गए। इन सभी को इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया है।
न्यायालय के पास विशाल पेड़ उखडा
शहर के कुटुंब न्यायालय के बाहर लगा विशालकाय यूकेलिप्टस का पेड़ तेज आंधी के कारण गिरा। इस पेड़ के पास में ही कई कारें व दूसरे वाहन खड़े थे, जो कि बाल-बाल बच गए। इसी पेड़ के साथ बिजली की केबल भी नीचे आ गिरी, वह तो यह अच्छा था कि बिजली कंपनी ने आधी शुरू होते ही बिजली आपूर्ति बंद कर दी थी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। बाद में उस गिरे हुए पेड़ को नगर पालिका की टीम ने वहां से हटाया और दो घंटे तक बिजली कर्मी बिजली आपूर्ति को बहाल करने में जुटे रहे।
हमाल मोहल्ले में पेड़ गिरा,2 खंभे भी उखाड ले गया
हमाल मोहल्ले में भी एक पेड़ गिरा जो कि अपने साथ दो बिजली के पोलो को साथ ले गया। इन दो पोल में से एक पर बिजली के तार थे, जबकि दूसरा पोल खाली था। यह पेड़ दोनो पोलो के साथ पास एक मकान पर जाकर टिक गया। घटना का सुखद पहलू यह रहा कि जब यह घटना हुई तो मौके पर कोई नहीं था, जबकि यह स्थान बाजार के बीचों-बीच का है।
शहर में पक्षी बिहार कॉलोनी में भी एक पेड़ गिरा लेकिन उसकी चपेट में कोई नहीं आया और बाद में उस पेड़ को नगर पालिका द्वारा हटाया गया।
महिला घायल,पीएचई कार्यालय के पास
शहर के फिजिकल रोड स्थित पीएचई कार्यालय के बाहर एक विशालकाय पेड़ तेज आंधी के साथ गिरा और पास से जा एक युवक व महिला को डाली लगने से वह दोनो घायल हो गए। इसके अलावा शहर के नवाब साहब रोड पर आंधी का असर देखने को मिला, यहां पर भी एक पेड़ गिरा जिससे राहगीर सुमित सिकरवार व अतुल रावत को मामूली चोटें आई है।
राजेन्द्र शर्मा का निर्माणाधीन मकान का हिस्सा गिरा
तेज आंधी से पीएस होटल के पास पेट्रोल पंप के पीछे राजेंद्र शर्मा के निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल का एक हिस्सा भरभरा कर नीचे आ गिरा। इस घटना में नीचे खड़ी एक स्कूटी मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हुई है। तेज आंधी से कई टेंट संचालको का भी भारी नुकसान हुआ है। उदय विलास होटल में इस आंधी के कारण पूरा टेंट नष्ट हो गया।