SHIVPURI NEWS - शराब के नशे में पत्नी को पीटा, टपरिया मे लगाई आग, सुबह पेड़ से लटका मिला

Bhopal Samachar

शिवपुरी। शिवपुरी शहर के देहात थाना सीमा में स्थित बडोदी क्षेत्र के एक खेत मे एक युवक का शव लटका हुआ मिला है। बताया जा रहा है कि युवक की पत्नि ने सबसे पहले अपने पति को पेड़ से टंगा हुआ देखा था। सूचना के बाद मौक़े पर पहुंची देहात थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस के लिए भेज मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रेम बाई आदिवासी ने बताया कि उसका पति रघुवीर आदिवासी शराब पीने का आदी था। पिछले बीस दिनों से मजदूरी पर भी नहीं जा रहा था। इसके चलते उसे पत्थर फैक्ट्री पर काम करने जाना पड़ता था। बीती रात जैसे ही वह पत्थर फैक्ट्री से काम कर घर लौटी शराब के नशे में होने से पति ने उसकी मारपीट कर उसे घर से भगा दिया। इसके बाद वह बच्चों के साथ छुप गई थी। उसके पति ने रात में ही टपरिया में भी आग लगा दी थी। फिर वह मौके से निकल गया था।

सुबह जब वह पति की तलाश में निकली तब उसे पति उसकी साडी के बने फंदे से लटका हुआ मिला। बता दें कि दोनों पति-पत्नी कदवाया के पास वसंतपुर गांव के रहने बाले हैं जो पिछले डेढ़ वर्षों से मजदूरी के लिए बड़ौदी क्षेत्र में रह रहे थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।