SHIVPURI NEWS - 24 घंटे बाद रफ्तार पकडेगें पानी बरसाने वाले बादल, पढिए मौसम में आज शिवपुरी में क्या होगा

Bhopal Samachar

शिवपुरी। शिवपुरी जिले में 18 जून को मौसम के कई रूप देखने को मिले दोपहर 3 बजे तक जहां उमस भरी गर्मी के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया था। मौसम में तापमान में 40 डिग्री के ऊपर बना हुआ था,इस उमस गर्मी में लोग बेचैन हो रहे थे,लेकिन शाम होते होते मौसम सुहाना हो गया था। अचानक से चली ठंडी हवाओं ने लोगो को सुकुन देना शुरू कर दिया था। इस कारण तापमान में 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

18 जून को सुबह से आसमान साफ था और सुबह 6.30 बजे ही धूप निकल आई थी, लेकिन सुबह 10 बजे के बाद से आसमान पर हल्के बादल आ गए जो दोपहर 12 बजे पूरी तरह से साफ हो गए तो फिर तपन भरी धूप एवं उमस वाली गर्मी से लोग परेशान रहे। दोपहर 1 बजे के बाद से आसमान पर बादलों ने डेरा डाल दिया, तो यह उम्मीद जागी कि शायद बारिश हो जाए। शाम 6.30 बजे बादल भी गरज, लेकिन बारिश के नाम पर चंद बूंदे ही आसमान से गिरीं। इधर शहरवासी बारिश का इंतजार कर रहे थे, तो उस समय अमोला में झमाझम बारिश हो रही थी। तो वहीं कोलारस क्षेत्र में भी आज शाम तेज बारिश होने से गर्मी से राहत मिल गई।

शाम को शहर में बाजार हुआ गुलजार

शाम साढ़े छह बजे के बाद शिवपुरी शहर में मौसम खुशगवार हो गया था तथा आसमान पर पूरी तरह से बादल छाए हुए थे तथा चलने वाली हवा में नमी होने की वजह से लोगों को काफी हद तक गर्मी से राहत मिली। सोमवार को जहां शिवपुरी का अधिकतम तापमान 41 डिग्री था, वहीं मंगलवार को वो 37 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यानि एक ही दिन में चार डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज की गई,वही शाम से देर रात 30 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही थी आज सुबह से ही मौसम सुहाना है ठंडी हवाएं चल रही थी हालांकि दोपहर तक यह हवाएं गर्माहट बढ सकती है।

बारिश कब आएगी

जम्मू कश्मीर में नया पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है, जिससे अरब सागर से नमी का आना शुरू होगा। इसके अलावा तीन से चार दिन में मानसून की पूर्वी शाखा भी आगे बढ़ेगी, जिससे बंगाल की खाड़ी से भी नमी का आना शुरू होगा। 20 जून के बाद प्री मानसून की हलचलों में तेजी आएगी। सुबह से लेकर दोपहर तक गर्मी रहेगी और शाम को आंधी बारिश की संभावना बनेगी। बारिश के कारण तापमान में भी दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना रहेगी, लेकिन उमस भरी गर्मी बेहाल करेगी।

19 जून को पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओले गिरने की भी संभावना है। खासतौर पर अगले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश में छिटपुट भारी बारिश की संभावना बन रही है। बैतूल, हरदा, इंदौर, धार, अगरमालवा, गुना, अशोकनगर, भिंड, शाजापुर, भोपाल, रायसेन, बुरहानपुर, खंडवा, राजगढ़, नर्मदापुरम, अलिराजपुर, मुरैना, सिंगरौली और सीधी में बारिश के आसार हैं।