SHIVPURI NEWS - नवविवाहिता की शादी के 2 साल बाद मौत, पुलिस ने माना संदिग्ध

Bhopal Samachar

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के सुभाषपुरा थाना सीमा में आने वाले इंदरगढ़ गांव में रहने वाली एक 22 साल की नवविवाहिता की मौत हो गई। पुलिस ने इस मौत को संदिग्ध मानते हुए मर्ग कायम करते हुए शव का पोस्टमार्टम पैनल के तहत कराया है।

जानकारी के मुताबिक, इंदरगढ़ गांव की रहने वाली 22 वर्षीय माया मोगिया को शनिवार की शाम उसके पति अरुण मोगिया ने सतनबाड़ा के अस्पताल में भर्ती कराया था। हालांकि, माया की मौत उपचार के दौरान हो गई। नव विवाहिता की मौत की सूचना सुभाषपुरा पुलिस को दी गई थी।

पुलिस ने महिला की मौत को संदिग्ध मानते हुए मर्ग कायम किया। आज महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। बता दें कि माया की शादी को अभी दो वर्ष भी पूरे नहीं हुए हैं। इधर महिला के पति अरुण का कहना था कि उसकी पत्नी को बुखार था जो 15 दिनों से उतर नहीं रहा था। शनिवार की शाम उसे सतनबाड़ा के अस्पताल में भर्ती कराया था। हालांकि, उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।