SHIVPURI NEWS- स्वागत को आतुर, भगवान परशुराम की शोभायात्रा के लिए शहर, यह है कार्यक्रम-विप्रजन समय से पहुंचे

NEWS ROOM
शिवपुरी।
भगवान विष्णु के अवतार भगवान परशुराम की जयंती पर समूचा शहर परशुराम जी के रंग में रंगा नजर आ रहा है। परशुराम चल समारोह समिति के कार्यकर्ताओ ने बताया कि आज के इस चल समारोह में हाथी भी शामिल हो रहे हैं। इसके साथ घोड़ों की कतारें, बघ्घियां, रथ, हाइड्रा डीजे,कई बैण्ड भी इस शोभायात्रा में दिखाई देंगे। यह चल समारोह 22 अप्रैल को अपराह्न 3 बजे से फिजिकल स्थित परशुराम चौक से शुरू होगा।

इस समारोह में भगवान परशुराम की विशालकाय प्रतिमा भी विशेष आकर्षण का केन्द्र बनेगी। इस शोभायात्रा को शहर के माधव चौक, कोर्ट रोड, आदि प्रमुख बाजारों से पूर्ण भक्ति भाव के साथ निकाला जाकर गांधी पार्क तक ले जाया जाएगा। जहां संत महात्माओं द्वारा भगवान श्री की महाआरती सम्पन्न होगी जिसमें सभी लोग दीपदान करेंगे तदोपरांत गांधी पार्क में ही विशाल सह भोज की व्यवस्था भी की गई है जहां सभी लोग भोजन प्रसादी का आनंद ले सकेंगे। चल समारोह महिलाओं और बुजुर्गों की भी भागीदारी होगी जिनके सुविधा के लिए पृथक से वाहन व्यवस्था की गई है।

भव्य शोभायात्रा को लेकर न केवल शिवपुरी शहर या जिला बल्कि आसपास के जिलों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। शहर में जगह.जगह भगवान परशुराम के बैनर पोस्टर लगाए जा रहे हैं। ब्राह्मण समाज की ओर से इस शोभायात्रा को ऐतिहासिक बनाने की पुरजोर कोशिश की जा रही है।

परशुराम चल समारोह समिति के युवाओं की टीम पिछले 2 साल से लगातार इस आयोजन को भव्यता से आयोजित कर रही है। इसी का नतीजा भी सामने आ रहा है। शिवपुरी शहर में गत वर्ष परशुराम भगवान की शोभायात्रा में अभूतपूर्व भीड़ उमड़ी थी और गाजे बाजे ढोल ताशों के साथ आतिशी जुलूस से लेकर जगह.जगह शोभायात्रा के स्वागत सत्कार के बाद तात्या टोपे स्मारक राजेश्वरी मंदिर के पास विशाल सामूहिक भोज का आयोजन भी किया गया था। इस बार भी भगवान परशुराम का यह चल समारोह पूरी भव्यता के साथ मनाने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।

परशुराम चौक फिजिकल से गांधी पार्क को निकलेगी शोभायात्रा-

परशुराम चौक फि जिकल क्षेत्र से इस भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ 22 अप्रैल को अपराह्न 3: 00 बजे से किया जाएगा। यहां से प्रारंभ होकर चल समारोह शहर के प्रमुख बाजारों से होता हुआ गांधी पार्क मैदान पर जाकर महाआरती के साथ विराम पाएगा। इस दौरान नगर में स्थान स्थान पर विभिन्न समाजों द्वारा भी इस शोभायात्रा का स्वागत किया जाएगा। गांधी पार्क में विशाल सामूहिक भोज आयोजित किया गया है।
G-W2F7VGPV5M