अवैध कॉलोनियों के बाहर नगर पालिका ने लगाए बोर्ड- यहां प्लॉट न खरीदे, सार्वजनिक जगह भी लगेंगे प्लेक्स- Shivpuri News

NEWS ROOM
शिवपुरी।
शिवपुरी शहर में नगर पालिका ने अवैध कॉलोनी चिन्हित कर कालोनी काटकर विक्रय करने वाले कॉलोनाइजरों को नोटिस दिए थे। समय सीमा के अधिक समय निकल जाने के बाद भी कॉलोनाइजरों ने नोटिस का जवाब देना भी उचित नहीं समझा,इस कारण नगर पालिका शिवपुरी ने कॉलोनियो के बाहर बोर्ड लगा दिए है और उसमे अपील की जा रही है कि यह कॉलोनी अवैध है इसमें प्लॉट न खरीदे जाए।

साल 2012 में नगरीय निकायों को प्रदेश सरकार से आदेश मिला था जिसमें उस वक्त तक की अवैध कॉलोनियों को वैध करने के निर्देश दिए गए थे। इसमें 142 अवैध कॉलोनी आ रही थीं। इसके बाद 2020-21 में आए आदेश में कहा गया कि साल 2016 तक की अवैध कॉलोनियों को वैध करने किया जाए। नगर पालिका ने कुल 189 जगह चिह्नित की और इनके कॉलोनाइजर को कारण बताओ नोटिस जारी कर 15 दिन में जवाब मांगा लेकिन एक-दो लोगों को छोड़कर किसी ने नपा को जवाब नहीं दिए। अब अंतिम नोटिस जारी किया जाएगा। इसका भी जवाब नहीं मिलता है तो अवैध कॉलोनाइजर के खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी।

नोटिस में पूछा- क्या कॉलोनी रेरा से पंजीकृत है और टीएंडसीपी से अनुमति है?

नगर पालिका के कॉलोनी प्रभारी सतीश निगम ने बताया कि हमने जिन लोगों को नोटिस जारी किए हैं, उनमें से कुछ एक के ही जबाब आए हैं। अधिकांश ने जवाब नहीं दिए। नोटिस में पूछा गया था कि क्या कॉलोनी रेरा से पंजीकृत है या नहीं? टीएंडसीपी से अनुमति है या नहीं? जवाब नहीं मिलने पर अब नगर पालिका ने तय किया है कि जो अवैध कॉलोनियां चिह्नित हैं, वहां बोर्ड लगाएंगे। इनमें स्पष्ट रूप से लिखा है कि एडीएम साहब से मिले निर्देश के आधार पर यह कॉलोनी अवैध है। इन बोर्ड के लग जाने के बाद अब कॉलोनी देखने के दौरान लोगों को पता चल सकेगा कि कॉलोनी वैध नहीं है।

सार्वजनिक जगहों पर फ्लेक्स लगाकर लोगों को बताएंगे

नगर पालिका सीएमओ केशव सिंह सगर ने बताया कि पहले हम अवैध कॉलोनियों में बोर्ड लगाकर लोगों को बताएंगे कि यह कॉलोनी अवैध है। यहां क्रय विक्रय न करें। अब आगामी दिनों में फ्लेक्स लगाकर सार्वजनिक स्थलों पर भी अवैध कॉलोनियों की सूचना देंगे। नगर पालिका, जनपद, कलेक्ट्रेट सहित अन्य सार्वजनिक जगहों पर भी फ्लेक्स लगाएंगे।

23 कॉलोनियों को वैध कर रहे

पहले चरण में शहर की 23 कॉलोनियों को वैध करने की कार्रवाई कर रहे हैं। इसका प्रस्ताव कलेक्टर को भेज चुके हैं। शेष अवैध कॉलोनियों के लिए हमने 189 नोटिस जारी किए हैं। इनके जवाब का इंतजार है। दरअसल अवैध कॉलोनी बस तो जाती है लेकिन इनके विकास की जिम्मेदारी नगरपालिका पर होती है जबकि बजट होता नहीं है।
केशव सिंह सगर, सीएमओ,शिवपुरी