भाजपा की विकास यात्रा बन रही है विवाद यात्रा,फाड़े स्वागत बैनर, भाजपा मंडल मंत्री की मारपीट- Kolaras News

NEWS ROOM
कोलारस।
शिवपुरी जिले में जब से भाजपा की विकास यात्रा शुरू हुई है। जब से प्रतिदिन कोई ना कोई विवाद होता रहता है। शुरुआत करैरा से हुई जहां सत्ता में दर्जा प्राप्त मंत्री ने अपने ही अधिकारियों पर भ्रष्टाचार करने के आरोप मढ़ दिए,वही पिछोर में लगातार विकास यात्रा विरोध हो रहा है,6 युवक जेल यात्रा भी कर चुके है। पिछले कुछ दिनो से कोलारस में विकास यात्रा में विवाद होने की खबर आ रही है। आज विकास यात्रा की तैयारी के बैनर फाड़ दिए और मंडल मंत्री के साथ मारपीट करने की खबर मिल रही है।

जानकारी के अनुसार बीते रोज विकास यात्रा कोलारस विधानसभा क्षेत्र के कुटवारा, श्रीपुर चक्क, कुसुअन, तरावली, मडवासा, पीरोंठ और रामगढ़ में पहुंचने वाली थीं। इस विकास यात्रा में विधायक वीरेंद्र रघुवंशी द्वारा 52.18 लाख रुपए के भूमिपूजन और लोकार्पण किया जाना था। इसके अतिरिक्त कुटवारा में मड़ीखेड़ा जल प्रदाय योजना अंतर्गत बन रही पानी की टंकी का भूमिपूजन के साथ-साथ हितग्राहियों को हितलाभ प्रमाण पत्र भी वितरित किए जाने थे।

विकास यात्रा और अपने विधायक के स्वागत को भव्य बनाने के लिए भाजपा बदरवास मंडल मंत्री दुर्गा प्रसाद शर्मा बीते दोपहर पिरोठ गांव में स्वागत बैनर लगाने पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के भाजपा समर्थित सरपंच लाड़ कुंअर के पुत्र प्रबल यादव ने भाजपा के मंडल मंत्री को पीट दिया।

बदरवास भाजपा मंडल मंत्री दुर्गा प्रसाद शर्मा का कहना है कि जब वह और उनके साथ पिरोठ के सरकारी स्कूल पर स्वागत बैनर लगा रहे थे इसी दौरान पिरोठ के सरपंच पुत्र प्रवल यादव और उनके सहयोगी सील यादव, शुभम यादव, रामकृष्ण यादव, प्रताप यादव ने स्वागत के बैनरों को नहीं लगने दिया साथ ही लगाए हुए बैनरों का फाड़ दिया।

इसके बाद जब मैं मौके से निकला तो इसके बाद मेरे साथ मारपीट करवा दी गई। भाजपा बदरवास मंडल मंत्री ने पुलिस प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में सरपंच पुत्र प्रबल यादव से फोन पर संपर्क करना चाहा तो उन्होंने इसका जवाब देना उचित नहीं समझा।
G-W2F7VGPV5M