नपा चुनाव: चुनाव अब साइलेंट मोड पर, यशोधरा राजे ने कई वार्डों में किया जनसम्पर्क- Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। नगर पालिका परिषद शिवपुरी के पार्षद पदों हेतु मतदान 13 जुलाई को है। लेकिन उम्मीदवारों का चुनाव प्रचार आज शाम 5 बजे समाप्त हो गया हैं। इसके बाद उम्मीदवार घर-घर जनसम्पर्क कर वोट मांगेंगे। चुनाव में भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। स्थानीय विधायक और प्रदेश सरकार की मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया पिछले तीन दिनों से शिवपुरी में जमी हुई हैं और उन्होंने कई वार्डों में जनसम्पर्क कर भाजपा के लिए वोट मांगे।

भाजपा की तुलना में कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों को उनके भरोसे छोड़ दिया है। यहां तक कि भाजपा संगठन के नेताओं ने भी अपने उम्मीदवार के लिए कोई चुनाव सभा नहीं की। किन्ही-किन्ही वार्डों में जनसम्पर्क भी किया। लेकिन उनका जनसम्पर्क महज औपचारिक रहा। इसके बाद भी कांग्रेस उम्मीदवार कई वार्डों में भाजपा को मजबूत चुनौती पेश कर रहे हैं।

यशोधरा राजे ने पिछले तीन दिनों में कई वार्डों में जनसम्पर्क कर भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। उन्होंने वार्ड क्रमांक 7, 9, 10, 11, 15, 18, 22, 27, 28 आदि वार्डों में जनसंपर्क किया और मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। कांग्रेस के बड़े दिग्गजों के वार्ड पर यशोधरा राजे की खास नजर रही। वार्ड क्रमांक 9 में नपा के पूर्व उपाध्यक्ष अरूण प्रताप सिंह चौहान की पत्नी पीताम्बरा चौहान चुनाव मैदान में है। उनके विरोध में भाजपा प्रत्याशी श्रीमती रितु डिम्पल जैन चुनाव लड़ रही हैं।

श्रीमती जैन के समर्थन में प्रचार करने के लिए यशोधरा राजे पूर्व विधायक देवेंद्र जैन के निवास स्थान पर पहुंची। वहीं वार्ड क्रमांक 10 में नपा के पूर्व उपाध्यक्ष अनिल शर्मा अन्नी की पत्नी श्रीमती बबीता शर्मा कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रही हैं। उनके विरोध में भाजपा प्रत्याशी के रूप मेें श्रीमति प्रतिभा गोपाल शर्मा के पक्ष में यशोधरा राजे सिंधिया वार्ड 10 में पहुंची।

इसी तरह पूर्व नपाध्यक्ष गणेशी लाल जैन की पुत्री इंदु जैन के विरोध में और भाजपा प्रत्याशी सुरेश सिंह कुशवाहा के समर्थन में यशोधरा राजे सिंधिया वार्ड 7 में पहुंची। वार्ड 18 में पूर्व नपा उपाध्यक्ष अन्नी शर्मा के भाई देवेंद्र शर्मा की पत्नी निर्दलीय रूप से चुनाव लड़ रही हैं। यहां भी यशोधरा राजे भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करने पहुंची। यशोधरा राजे ने उन वार्डो पर अधिक ध्यान केन्द्रित किया, जहां कांग्रेस के बड़े नेता या उनके परिवार के लोग चुनाव लड़ रहे हैं। शहर के विकास के लिए यशोधरा राजे सिंधिया ने वोट मांगे।

नपा में हमें मिलेगा बहुमत और अध्यक्ष भी भाजपा का होगा: यशोधरा राजे

यशोधरा राजे सिंधिया ने आत्मविश्वास पूर्ण लहजे में वार्डों में जनसम्पर्क करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इस बार नगर पालिका भाजपा की बनेगी। भाजपा को नगर पालिका में पूर्ण बहुमत मिलेगा और नपाध्यक्ष भी भाजपा का बनेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की जनहितकारी योजनाओं से समाज का हर वर्ग प्रभावित हुआ है और इससे उसका जीवन बदला है।

नरेंद्र मोदी के रूप में हमें एक मजबूत और सक्षम प्रधानमंत्री मिला है। मैं उन्हें तब से जानता हूं जब राजमाता के प्रचार अभियान में वह प्रभारी हुआ करते थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की योजनाओं से भी आमजन लाभान्वित हुआ है। इसका निश्चित रूप से फायदा चुनाव में भाजपा को मिलेगा।
G-W2F7VGPV5M