Shivpuri News- निकाय चुनाव: 10 अध्यक्ष की कुर्सी-9 पर रहेगा महिलाओं का कब्जा, हार्स ट्रेडिंग पर बोले कलेक्टर

Bhopal Samachar
शिवपुरी। शिवपुरी जिले में नगरीय निकाय चुनाव एक नगरपालिका व 9 नगर परिषदों में होना है। आरक्षण प्रक्रिया के बाद जिले में बदरवास को छोड़कर शेष 9 सीटों पर महिला अध्यक्ष बनेंगी, वहीं ओबीसी की सीटें कम होने से अनारक्षित सीटों की संया बढ़ गई। ऐसे में सामान्य वर्ग के नेताओं ने अपनी पत्नियों को चुनाव मैदान में उतारने के लिए तैयारियां शुरू कर दी।

गौरतलब है कि नगरपालिका शिवपुरी अनारक्षित महिला अध्यक्ष बनेगी, वहीं बदरवास नगर परिषद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। इसके अलावा नगर परिषद कोलारस ओबीसी महिला, पिछोर अनारक्षित महिला, रन्नौद में ओबीसी महिला, बैराड़ अनारक्षित महिला, करैरा ओबीसी महिला, पिछोर अनारक्षित महिला, खनियांधाना अनारक्षित महिला व बैराड़ अनारक्षित महिला अध्यक्ष चुनी जाएंगी।

ओबीसी की सीटों के कम होने से 10 में से 6 अध्यक्ष पद की कुर्सी अनारक्षित वर्ग के लिए तय की गई हैं। इसमें महत्वपूर्ण बात यह है कि किसी वर्ग विशेष के लिए आरक्षित सीट पर तो उसी वर्ग का प्रत्याशी चुनाव लड़ सकता है, जबकि अनारक्षित सीट पर सामान्य के अलावा दूसरे वर्ग के प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में ताल ठोक सकते हैं।

हार्स ट्रेडिंग पर बोले अधिकारी- शिकायत जरूरी, स्वप्रेरणा से कार्रवाई नहीं

इस बार अध्यक्ष का चुनाव अप्रत्यक्ष प्रणाली से होना है। ऐसे में पार्षदों की हार्स ट्रेडिंग यानी खरीद फरोख्त होने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। इसे रोकने के संबंध में कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने कहा कि इस पर स्वप्रेरणा से अधिक कार्रवाई नहीं की जा सकती है। इस संबंध में कार्रवाई के लिए शिकायत जरूरी है। यदि शिकायत मिलेगी तो जरूर उस पर कार्रवाई की जाएगी।
G-W2F7VGPV5M