शिवपुरी। गौरवशाली गणतंत्र की 73 वीं वर्षगाँठ शिवपुरी जिले में हर्षोंल्लास एवं धूमधाम के साथ समारोहपूर्वक मनाई गई। यहाँ तात्याटोपे स्टेडियम पोलोग्राउंड पर आयोजित हुये गरिमामय मुख्य समारोह में कलेक्टर अक्षय कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और संयुक्त परेड की सलामी ली। उन्होंने शांति और खुशहाली के प्रतीक रंगीन गुब्बारे आसमान में छोड़े।
समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा निकाली गईं शासकीय योजनाओं पर केन्द्रित आकर्षक झाँकियां भी आकर्षण का केन्द्र रहीं। देश का 73 वाँ गणतंत्र दिवस पर आयोजित हुए जिले के मुख्य समारोह में कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने समारोह स्थल पहुंचकर प्रात: 9 बजे ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात उन्होंने पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल के साथ जीप में सवार होकर संयुक्त परेड का निरीक्षण किया।
जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया। संयुक्त परेड में शामिल जवानों ने इस अवसर पर मधुर-धुन के बीच हर्ष फायर किये। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को भी प्रशंसा-पत्र प्रदाय कर सम्मानित किया।