पेट्रोल पंप कर्मचारी ने हिसाब मे धोखाधड़ी कर मालिक को लगाया 1333368 रूपये का चूना

Bhopal Samachar
करैरा। जिले के अमोला थाना क्षेत्र में आने वाले कंथरिया पेट्रोल पंप के एक कर्मचारी ने रजिस्टर और रीडिंग में गड़बड़ी कर संचालक को 1333368 रुपये का चूना लगा दिया । गड़बड़ी सामने आने पर पंप संचालक ने पुलिस में मामला दर्ज कराने के लिए आवेदन साल 2017 में ही दे दिया था, लेकिन पुलिस ने काेई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद कोर्ट के आदेश हुए तब जाकर कहीं पुलिस ने इस मामले में एफआइआर दर्ज की है।

जानकारी के अनुसार सिरसौद चौराहे के पास कंथरिया पेट्रोप पंप स्थित है। गिर्राज पुत्र मूलचंद तिवारी निवासी गसवानी वियजपुर जिला श्योपुर कंथरिया पेट्रोल पंप पर मैनेजर का काम करता था। गिर्राज साल 2017 में मार्च से दिसंबर के बीच 10 महीने तक रजिस्टर में गलत एंट्री करता रहा और रीडिंग में भी गड़बड़ी करता रहा। इस समय में उसने हेराफेरी कर 1333368 रुपये की रकम हड़प ली।

इस पंप में जयप्रकाश पुत्र शिवकुमार शर्मा पार्टनर है। यह गड़बड़ी सामने आने के बाद पंप संचालक ने गिर्राज से रुपये मांगे तो उसने इंकार कर दिया। इसके बाद वह पेट्रोल पंप से काम छोड़कर चला गया। जयप्रकाश मामले की शिकायत करने अमोला थाने पहुंचा, लेकिन तत्कालीन थाना प्रभारी ने कोई सुनवाई नहीं की। पुलिस पंप संचालक को आश्वासन देकर टालती रही। अंत में उसे कोर्ट का सहारा लेना पड़ा। तब जाकर पुलिस ने आरोपित गिर्राज पर धारा 408,420,467,468,471,477(ए) भादवि के तहत मामला दर्ज किया है।
G-W2F7VGPV5M