शिवपुरी में बाढ़ के बाद मगरमच्छों का आंतक, वनविभाग के अधिकारियों ने कहा, इसमें नया क्या है - Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। जिले में बाढ के बाद बिगडे हालातों के बीच शिवपुरी की पब्लिक में मगरमच्छ आंतक कर रहे है। शहर का ऐसा कोई क्षेत्र होगा जिसमें मगरमच्छों ने अपनी आमद दर्ज नहीं कराई है। जिसके लेकर शहर के लोग अब मगरमच्छों को लेकर चिंतिंत है।

बीती रात्रि चिंताहरण मंदिर के सामने निवासरत राजू केवट के मकान में कल शनिवार को देर रात मगरमच्छ नजर आया। 12 फिट लंबे इस मगरमच्छ को देखकर घर वाले भयभीत हो गए। मगरमच्छ को पकडऩे के लिए वन विभाग को सूचना दी गई। तो फोरेस्टकर्मीयों ने जबाब दिया कि इसमें नया क्या है। शिवपुरी में तो यह आम बात है।

लेकिन रात 12 बजे तक कोई भी रेस्क्यू टीम का सदस्य वहां नहीं पहुंचा। इसके बाद केवट परिवार ने साहस का परिचय देते हुए मगरमच्छ को खंबे से बांध दिया। रात 1 बजे के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और वह मगरमच्छ को देखकर चली गई तब केवट परिवार ने राहत की सांस ली।

गौतमबिहार कॉलोनी में पूर्व नपाध्यक्ष के घर के पास मगरमच्छ ने दी दस्तक
बरसात के बाद शिवपुरी में शहरी क्षेत्रों में मगरमच्छों के निकलने का सिलसिला लगातार जारी है। नालों के सहारे मगरमच्छ शहरी बस्ती में प्रवेश कर रहे हैं। आज गौतम बिहार कॉलोनी में पूर्व नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह के मकान के पास नाले के सहारे मगरमच्छ निकल आया।

जिसके कारण कॉलोनी में दहशत का वातावरण व्याप्त हो गया। समाचार लिखे जाने तक मगरमच्छ गौतम बिहार कॉलोनी में ही जमा हुआ था और वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी। यहां निवासरत अमित गोयल पिंटू ने बताया कि उन्होंने पास स्थित नाले में दो मगरमच्छ देखे थे। लेकिन एक मगरमच्छ अब छुप गया है।

इसके साथ ही कल शांति नगर में एक साथ तीन मगरमच्छ देखे गए। जब तक फोरेस्ट की टीम वहां पहुंची वह पानी में घुस गए। उसके बाद फोरेस्ट की टीम वहां से पब्लिक से यह कहकर चली गई कि अगर फिर से दिखाई दे तो फोन लगा देना। इसके साथ ही चंद्रा कॉलोनी में,गायत्री कॉलोनी सहित विवेकानंद कॉलोनी में मगरमच्छ अपनी आमद दर्ज करा चुके है।
G-W2F7VGPV5M