कांस्य पदक विजेता विवेक सागर से मिलकर भावुक हुई मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, अगवानी करने पहुंची थी एयरपोर्ट - Shivpuri News

Bhopal Samachar
भोपाल। मध्यप्रदेश के इटारसी के एक गांव के रहने वाले हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने के बाद पहली बार भोपाल पहुंचे। हवाई पट्टी पर उनकी अगवानी प्रदेश सरकार की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने की और उन्हें ओलंपिक में बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई दी।

इस अवसर पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए विवेक सागर ने कहा कि अगले ओलंपिक में वह अपने पदक का रंग चैंज करने जाएंगे। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ओलिंपिक कांस्य विजेता विवेक सागर के साथ स्मार्ट सिटी पार्क में पौधारोपण किया। सीएम शिवराज सिंह चौहान के निवास पर विवेक का मिठाई खिलाकर स्वागत किया एवं ओलिंपिक में बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई दी। विवेक सागर ने यशोधरा राजे से उनके बंगले पर भी सौजन्य भेंट की।

हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर का भोपाल पहुंचने पर गुरुवार को राजा भोज एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया एवं खेल विभाग के अधिकारियों ने विवेक की आत्मीय अगवानी की। विवेक एयर इंडिया की नियमित दिल्ली उड़ान से सुबह 7:30 बजे भोपाल पहुंचे। उनकी अगवानी के लिए खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया कुछ समय पहले ही एयरपोर्ट पहुंच गई थीं।

साई के डायरेक्टर सत्यजीत संकित, खेल विभाग के डायरेक्टर पवन जैन, जॉइंट डायरेक्टर विनोद प्रधान एवं बीएस यादव सहित खेल अकादमी के सदस्यों ने विवेक का भव्य स्वागत किया। खेल अकादमी से जुड़े सदस्यों ने एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही विवेक पर पुष्पवर्षा कर ढोल धमाकों के बीच उनका अभिनंदन किया। उत्साही युवाओं ने विवेक को कंधे पर उठाकर विजय मुद्रा में अभिनंदन किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने बढ़ाया हमारा उत्साह

विवेक ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारी टीम से बात की तो हमें बहुत अच्छा लगा, उन्होंने हमारा उत्साह बढ़ाया। पदक मिलने के बाद पूरे देश से शुभकामनाएं मिल रही हैं। इससे गर्व का अनुभव हो रहा है। खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया इस मौके पर कहा कि विवेक पर हमें गर्व है। खिलाडिय़ों को लगातार प्रोत्साहन दिया जाएगा।

जब भावुक हुईं खेल मंत्री यशोधरा राजे

एयरपोर्ट पहुंची खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया उस वक्त भावुक हो उठी जब विवेक सागर ने टोक्यो ओलंपिक मेडल उनके हाथ में सौपा। खेल मंत्री ने मेडल को पहले अपने मस्तक से लगाया फिर मैडल विवेक के गले में पहनाया। इस वक्त उनकी आंखे खुशी से नम हो गईं।

जब विवेक सागर से पूछा गया कि अगली बार स्वर्ण पदक लाएंगे तो विवेक सागर का कहना था कि जी हां, मैं मैडल का कलर चेंज करना चाहूंगा। उनकी इस बात पर खेल मंत्री ने खुशी व्यक्त करते हुए करतल ध्वनि से विवेक की बात का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अब शुरुआत तो हो गई। विवेक सागर ने आसमान को छू लिया। दूसरे खिलाडियों के लिए वे रोल मॉडल बन गए हैं। अन्य खिलाडिय़ों को चाहिए कि वे भी विवेक सागर की तरह आसमान को छुएं। विवेक सागर ने यह साबित कर दिखाया है कि मध्य प्रदेश भी ओलंपिक मेडल जीत सकता है।
G-W2F7VGPV5M