शिवपुरी। शिवपुरी जिले में जिला मुख्यालय तथा तहसील मुख्यालय के सभी 11 के.व्ही. फीडरों से विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है। जिले के 161 घरेलू फीडरों में से 101 फीडरों पर विद्युत व्यवस्था बहाल कर दी गई है। कुछ फीडर आंशिक रूप से चालू किये गये हैं।
बंद फीडरों पर लगातार सुधार कार्य कर विद्युत व्यवस्था सुचारू रूप से बहाल करने का कार्य प्रगति पर है। इसी प्रकार जिले में 33/11 के.व्ही. के 98 उपकेन्द्र में से 74 उपकेन्द्र चालू किये जा चुके हैं। अत्यधिक बारिश एवं बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों के 24 उपकेन्द्र पहुँच से दूर हैं।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के महाप्रबंधक, उपमहाप्रबंधक, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता एवं लाईन स्टाफ द्वारा शिवपुरी में क्षतिग्रस्त विद्युत प्रणाली में सुधार कार्य तेजी से किया जा रहा है। बाढ़ की स्थिति कंट्रोल में आते ही विद्युत आपूर्ति को जल्द ही बहाल कर दिया जाएगा।