शिवपुरी। आदर्श गांव सिरसौद का एनजीओ द्वारा बंद किए गए वृद्धाश्रम को अब अपना घर आश्रम संचालित करेगा। इसके लिए अपना घर आश्रम ने स्वयं पहल की है और कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने भी कहा है कि हम आश्रम को बंद नहीं होने देंगे। आश्रम बंद होने से वहां रह रहे वृद्धों में घबराहट उत्पन्न हो गई थी। क्योंकि वह सिरसौद छोड़कर दूर नहीं जाना चाहते थे। अब आश्रम संचालित होने से उन्होंने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार सिरसौद में वर्ष 18 से वृद्धाश्रम संचालित हो रहा था। इस आश्रम में 8 बुजुर्ग निवास करते हैं और इस आश्रम का संचालन ग्वालियर स्थित एक एनजीओ के जिम्मे था। लेकिन 13 महीने का 16 लाख रूपए भुगतान न मिलने से उक्त एनजीओ ने आश्रम का संचालन बंद कर दिया था। इसके बाद प्रशासन ने हस्तक्षेप कर 7 दिन के लिए वृद्धाश्रम की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत को सौंपी है।
अब अपना घर आश्रम ने वृद्धाश्रम संचालित करने की पहल की है। अपना घर आश्रम का संचालन विशुद्ध समाजसेवा के आधार पर होता है और इस नेक काम के लिए अपना घर आश्रम सरकारी मदद का भी मोहताज नहीं है। उक्त संस्था बिना किसी सरकारी सहायता के सड़कों पर घूमने वाले लावारिस, मानसिक, दिव्यांग व वेसहारा, बुजुर्ग को पनाह देती आ रही है।

