Shivpuri News- स्मैक मुक्त शिवपुरी: पुलिस ने पकडी 4.40 लाख की स्मैक, 3 तस्कर गिरफ्तार

शिवपुरी। शहर के फिजिकल और कोलारस थाना पुलिस ने 4.40 लाख रु. की स्मैक के साथ गुना और अशोकनगर जिले के तीन तस्करों को पकड़ा है। पुलिस ने स्थानीय स्मैक तस्करों पर शिकंजा कसा तो कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए बाहर के तस्करों ने माेर्चा संभाल लिया है। एक से डेढ़ महीने में ही पुलिस कई स्मैक तस्करों को धीरे-धीरे दबोच चुकी है।

फिजिकल थाना प्रभारी कृपाल सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि गुना नाके और दो बत्ती चौराहे की तरफ दो युवक आल्टो कार से आ रहे हैं। जाधव सागर पर गणेश कुंड पर चेकिंग लगाकर तलाशी ली तो दो युवकों से 24 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

राजकुमार (32) पुत्र जगदीश मीणा निवासी ग्राम नलखेड़ा चांचौड़ा जिला गुना और ओमप्रकाश (35) पुत्र फूलसिंह मीणा निवासी ग्राम बकापुर चांचौड़ा जिला गुना से कुल 2.40 लाख की स्मैक जब्त की है।

वहीं कोलारस टीआई संजय मिश्रा ने बताया कि सूचना मिली थी कि भेड़ फार्म के पास फोरलेन हाईवे पर एक युवक संदिग्ध हालात में खड़ा है। रविवार की शाम 7 बजे मौके पर पहुंचकर युवक की तलाशी ली तो कब्जे से 20 ग्राम स्मैक मिली।

इश्तियाक (27) पुत्र शमीन खान निवासी शाढौरा जिला अशोकनगर से 2 लाख की स्मैक बरामद की है। संबंधित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर मामला विवेचना में ले लिया है।