भाजपा मंडल अध्यक्ष लोधी पर जनपद सीईओ को घर जाकर धमकने का आरोप - Pichhore News

शिवपुरी। पिछोर के भाजपा मंडल अध्यक्ष केरन सिंह लोधी पर जनपद पंचायत पिछोर के सीईओ पुष्पेंद्र व्यास ने उनके घर में घुसकर उन पर धमकाने का आरोप लगाया है। सीईओ श्री व्यास ने मंडल अध्यक्ष लोधी के खिलाफ कलेक्टर को भी पत्र लिखकर उन्हें सूचना दी है। जबकि मंडल अध्यक्ष केरन सिंह लोधी ने आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि मैंने सीईओ को कोई धमकी नहीं दी। मैं तो सिर्फ गौशाला के भुगतान की मांग करने उनके पास गया था।

पिछोर जनपद सीईओ पुष्पेंद्र व्यास ने बताया कि पिछोर के भाजपा मंंडल अध्यक्ष केरन सिंह लोधी विजयपुर पंचायत के प्रधान भी हैं और उनकी पंचायत में गौशाला का निर्माण हो रहा है, जिसका 9 लाख रूपए भुगतान दिया भी जा चुका है। जबकि ढ़ाई लाख रूपए के बिल लगे हैं।

लेकिन बजट के आभाव में भुगतान नहीं हो पा रहा है। इसी पेमेंट को लेकर मंडल अध्यक्ष चार पहिया वाहन से अपने हथियारबंद साथियों को लेकर उनके शासकीय निवास पर पहुंचे और उन्होंने धमकाते हुए कहा कि उनका भुगतान क्यों नहीं हो रहा है। इस पर मैंने उन्हें बता दिया कि अभी बजट नहीं है और इस संबंध में हम सुबह बात करेंगे।

इसके बाद मैंने दरबाजा बंद कर लिया। लेकिन 5 मिनिट बाद फिर केरन सिंह ने दरबाजे पर दस्तक दी और जब मैंने दरबाजा खोला तो उन्होंने पानी मांगा। लेकिन उनके हथियारबंद साथियों को देखकर अनहोनी की आशंका से मैंने उन्हें पानी नहीं दिया और दरबाजा बंद कर दिया। इसके बाद इन लोगों ने अपनी गाड़ी में शराब पीना शुरू कर दिया।

मैंने नहीं धमकाया : लोधी
मंडल अध्यक्ष केरन सिंह लोधी ने अपनी प्रतिक्रिया में बताया कि उन्होंने सीईओ व्यास को नहीं धमकाया है। मैं तो उनके पास गौशाला का भुगतान लेने गया था, जो मेरी पंचायत में बन रही है। ऑनलाईन गौशाला का भुगतान दिख रहा है। लेकिन सीईओ इसे जारी नहीं कर रहा।

इसीलिए मैं बात करने उनके पास गया था। जहां तक हथियारबंद साथियों का सवाल है तो मैं अपनी सुरक्षा को लेकर उनके साथ चलता हूं। यह कहना गलत है कि मैंने सीईओ को धमकाया है।