लुटेरे विभाग ने अन्नदाता को थमा दिए 80 से 95 हजार के बिल, आम उपभोक्ता भी हो रहे परेशान- Shivpuri News

शिवपुरी। अंधेर नगरी चौपट राजा, टका सेर भाजी टका सेर खाजा। यह कहावत शिवपुरी के लुटेरा विभाग यानि बिजली विभाग पर चरितार्थ हो रही है। विभाग निचली बस्तियों से बिजली का बिल तो भरवा नहीं पा रहा है ऐसे में आम उपभोक्ताओं को जेब पर ही भार बढाता जा रहा है। लुटेरे विभाग से आमजन तो परेशान है ही साथ ही अन्नदाता भी परेशान हैं।

खेत का बिल 14 हजार की जगह दिया 82 हजार

किसान होतमसिंह का कहना है कि उनके खेत का बिल हमेशा से 14 और 16 हजार रूपए से ज्यादा नहीं आया है ऐसे में इस बार कंपनी ने उनका बिल 82 हजार रूपए थमा दिया है। अन्नदाता पहले से ही परेशान है बारिश हो नहीं रही ऐसे में भारी भरकम बिजली बिलों ने अन्नदाता को आफत में डाल दिया है।

नियत और उर्जा प्रभार जोंंड बढा रहे बिल

इस बार के आए बिलों पर यदि गौर किया जाए तो नियत और उर्जा प्रभार एक एक बिल 1 हजार से लेकर 3 हजार रूपए तक जोडे गए हैं ऐसे में उपभोक्ता परेशान हैं।

2500 का थमा दिया 14 हजार

शंकर कालोनी की उपभोक्ता शांति का कहना है कि उनके मकान का बिल कभी भी 15 से 2500 रूपए तक ही आता था लेकिन इस बार बिल 14 हजार का थमा दिया है ऐसे में वह पेंशनर हैं इतना भारी बिल कहां से भरे।

निचली बस्तियों का बिल आमजन पर

लोगों का कहना है कि कंपनी निचली बस्तियों से बिल जमा नहीं करा पा रही है यहां हीटर से लेकर एसी तक चल रहे हैं लेकिन कंपनी के कर्मचारी यहां जाने की जहमत तक नहीं उठाते हैं और कई बार तो यह इन बस्तियों से पिटकर आते हैं। इनका बिल आमजन पर थोपा जा रहा है।

जनप्रतिनिधियों की चुप्पी

आमजन को गुस्सा बिलों को लेकर अब जनप्रतिनिधियों पर भी टूट रहा है। लोगों का कहना है कि विकास का दंभ भरने वाले नेता अब कहां हैं जब जनता बिजली के बिलों को लेकर परेशान है उनकी सुनने वाला कोई नहीं हैं और न ही कोई जनप्रतिनिधि ही उनकी आवाज उठाने के लिए सामने आ रहा है।