ड्राइवर ने ली झपकी:लोडिंग वाहन 3 बार पलटा, 5 की मौत, नरवर गमी में जा रहे थे - Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। लोडिंग वाहन के चालक की झपकी लगने से गाड़ी बेकाबू होकर तीन बार पलटी खाते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गई और दुर्घटना में मां समेत दो बेटी, एक बेटा सहित 5 की मौत हो गई। जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक और घायल नरवर में किसी गमी में शामिल होने आए थे।

आज सुबह 7 बजे जौरासी घाटी झांसी रोड़ हाईवे पर यह दुर्घटना घटित हुई। लोडिंग वाहन में दो परिवारों के लोग शामिल थे, जो ग्वालियर जा रहे थे। बताया जाता है कि घर जल्दी पहुंचने की जल्दबाजी में चालक लोडिंग वाहन चला रहा था और इसी बीच उसे झपकी आने से हृदयविदारक दुर्घटना घटित हो गई। पुलिस ने घायलों को तत्काल जेएएच पहुंचाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्वालियर के सुभाष नगर हजीरा निवासी लाखन सिंह वैश के बड़े भाई भूप सिंह का दो दिन पहले नरवर शिवपुरी में देहांत हो गया था। उसी में शामिल होने के लिए लाखन अपने परिवार व बेहनोई सतेंद्र तोमर के साथ गांव गए थे। वहां से परिवार के लोगों के साथ मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात को 3 बजे वह लोडिंग वाहन मेें सवार होकर ग्वालियर के लिए निकले थे।

लोडिंग वाहन मेें पहले से ही गेहूं भरा हुआ था। ये लोग गेहूं की बोरियों के ऊपर बैठे थे। घर जल्दी पहुंचने के चक्कर में चालक 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन चला रहा था। अचानक गाड़ी बेकाबू हो गई और 3 पलटियां खाते हुए वह पलट गई और बोरियों के ऊपर बैठकर सफर कर रहे लोग इसके नीचे कुचल गए। हादसे में 6 और 12 साल के दो बच्चों सहित 5 की मौत हुई है। मृतकों में चार एक ही परिवार के हैं।

इनकी हुई मौत

हादसे में नयागांव ग्वालियर निवासी 40 वर्षीय गोविंद दास साहू पुत्र मोतीराम साहू, 35 वर्षीय सीमा पत्नी लाखन सिंह निवासी नयागांव, सीमा का 12 साल का बेटा कान्हा, 6 साल की बेटी संतोषी, 18 साल की बेटी सपना की मौत की पुष्टि अभी तक हो गई है।

हादसे में यह हुए घायल

हादसे में लोडिंग वाहन में सवार इन्हीं परिवार के 5 अन्य सदस्य घायल हुए हैं। जिनकी पहचान 50 वर्षीय लाखन सिंह बैस पुत्र गुलाब सिंह (जिसकी पत्नी, दो बच्चों की मौत हुई है), 15 वर्षीय हर्ष साहू पुत्र कालीचरण निवासी नाकाचन्द्रवदनी, 50 साल के सतेन्द्र तोमर पुत्र पोपसिंह निवासी सुभाष नगर हजीरा, 40 वर्षीय माया सिंह पत्नी विजय सिंह निवासी चार शहर का नाका, 20 वर्षीय नीरज साहू पुत्र हरज्ञान साहू निवासी नाका चन्द्रवदनी के रूप में हुई है।
G-W2F7VGPV5M