4 दिन रौद्र रूप के बाद थोड़े से शांत हुए सूर्य देव, पारा लुढ़कर 39 पर / Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। इस बार नौतपा बिगत वर्षो की तुलना में पहले चार दिन बहुत तपा। तापमान पहले दिन 45 डिग्री तक पहुंचा और चौथे दिन तापमान बढ़कर 46 डिग्री तक जा पहुंचा। परंतु आज पांचवे दिन नौतपा में राहत महसूस की जा रही है और गर्म हवाएं भी नहीं चल रही हैं तथा तापमान दोपहर 12 बजे तक 39 डिग्री पर पहुंच गया है। अचानक राहत का कारण यह है कि कल रात तेज आंधी चली और आधी रात के पश्चात बरसात से तापमान में गिरावट आई है।

जानकारी के अनुसार 25 मई से नौतपा की शुरूआत हुई और पहले ही दिन से अधिकतम पारा 45 और न्यूनतम 28 डिग्री दर्ज किया गया है। नौतपा के तीन दिनों तक तापमान एक जैसा रहा। लेकिन चौथे दिन 28 मई को अधिकतम तापमान 46 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री रहा। पिछले साल की तुलना में इस बार नौतपा में गर्मी का असर ज्यादा है। 28 मई 2019 को अधिकतम तापमान 43 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस था।

यानी बीते साल से दिन का पारा तीन डिग्री ज्यादा है। वहीं हवा की गति 22 किमी प्रति घंटा रहने से लू का प्रकोप भी जारी है। दिन भर तेज धूप रहने के बाद रात 9 बजे से अचानक तेज हवाएं चलने लगीं। हवाएं चलने से मौसम हल्की ठंडक महसूस की गई। दिन के समय हल्के बादल भी छाए रहे।

नरवर नगर में कुछ देर के लिए हल्की बूंदाबांदी भी हुई। हवाएं चलने से रात के तापमान में गिरावट के आसार हैं। नौतपों के पांचवे दिन से तापमान कम होने की उम्मीद है। जबकि 31 मई को तेज बारिश, बिजली और आंधी की संभावना जताई गई है। मजबूत सहती हवा चलेंगी। बारिश व आंधी के कारण अधिकतम पारा 40 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है।
G-W2F7VGPV5M