शिवपुरी। शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र के संजय कॉलोनी राठौर गली में बीती रात्रि दो पड़ोसियों में शराब पीने को लेकर झगड़ा हो गया और बात यहां तक पहुंच गई कि पड़ोसी युवक ने फरियादी पर तलवार से हमला बोल दिया। आरोपी ने उस पर तलवार से दो बार किए। जिससे उसका गाल और कंधा कट गया और उसकी हालत गंभीर हो गई। तुरंत ही उसे अस्पताल लाया गया। जहां उसका इलाज जारी है। वहीं आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार राजू खटीक पुत्र रामदयाल खटीक का साला कल उसके घर आया था। जहां रात्रि करीब 9 बजे के लगभग दोनों जीजा साले ने घर पर शराब पी और शराब पीने के बाद जीजा साले को छोडऩे के लिए घर से निकला तभी पड़ोस में रहने वाला आरोपी दिनेश खटीक भी शराब के नशे में धुत्त होकर घर से बाहर निकला और उसने राजू को अपने पास बुलाकर कहा कि घर पर बैठकर शराब पीते हैं। जब राजू ने उससे कहा कि वह अपने साले के साथ शराब पी चुका है।
उसे छोडऩे के लिए वह जा रहा है इसलिए और शराब वह नहीं पी सकता। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई और देखते ही दोनों आपस में भिड़ गए। इसी दौरान आरोपी दिनेश खटीक घर में घुसा और वहां से तलवार निकालकर ले आया, जिसने आव देखा न ताव तलवार से राजू पर प्रहार कर दिया।
पहली तलवार उसके कान के पास गाल पर लगी। जिससे खून निकल आया। आरोपी ने दूसरा बार उसके कंधे पर किया। जिससे कंधे से भी खून आ गया। यह देख कॉलोनी में हंगामा मच गया और आरोपी तलवार लेकर वहां से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भादवि की धारा 307 हत्या प्रयास के तहत प्रकरण कायम कर लिया है।

