बदरवास। जिले के बदरवास के ग्राम बरखेड़ा में बीते फरवरी माह में एक विवाहित महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने जांच के बाद मृतिका के पति, सास और देवर के खिलाफ आत्महत्या उत्प्ररेण का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपीगण मृतिका की दो बच्चियां पैदा होने और लडक़ा न होने के कारण प्रताडि़त करते थे।
ज्ञात हो कि 13 फरवरी को शाम करीब साढ़े 6 बजे बेनबाई पत्नी भगवान जाटव उम्र 28 वर्ष की लाश उसके कमरे में फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली थी। पुलिस ने उस समय मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतिका के मायके पक्ष के लोगों ने उसके पति भगवान लाल जाटव, सास रामप्यारी बाई जाटव और देवर गणेशराम पर बेनबाई को प्रताडि़त करने का आरोप लगाया था।
उनका कहना था कि आरोपीगण उनकी पुत्री को यह कहकर प्रताडि़त करते थे कि उसने सिर्फ लड़कियां ही पैदा की हैं। जबकि उन्हें लडक़ा चाहिए। आए दिन आरोपियोंं की प्रताडऩा बढ़ती ही जा रही थी। जिसे सहन करना उसके वश से बाहर हो गया था और इन्हीं सभी प्रताडऩाओं के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस ने आरोपी भगवान लाल जाटव, रामप्यारी बाई जाटव और गणेशराम के विरूद्ध भादवि की धारा 306, 34 के तहत कायमी कर ली।

