शिवपुरी। शहर की स्वच्छता व्यवस्था जांचने के लिए नपा का प्रशासक बनने के बाद पहली बार कलेक्टर अनुग्रह पी सडक़ों पर उतरी और उन्होंने नपा अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर सडक़ों पर झाडू लगाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान कलेक्टर ने दुकानों पर डस्टविन न होने पर दुकानदारों के चालान काटने के निर्देश दिए।
वहीं कई स्थानों पर गंदगी के ढेर देखकर वह नपा सीएमओ केके पटेरिया पर भडक़ गईं और उन्हें निर्देशित किया कि वह जल्द से जल्द इस गंदगी को साफ कराएं। उन्होंने मौके पर मौजूद सफाई प्रभारी व सीएमओ को आदेशित किया कि वह वार्डो में सफाई की नियमित व्यवस्था कराएं। जिसकी सत्यतता जांचने के लिए वह कभी भी किसी वार्ड मं जा सकती हैं। कलेक्टर ने माधव चौक पर लगे बैनरों को हटाकर बैनर लगाने वालों पर कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर अनुग्रह पी सुबह 7 बजे एसपी राजेश सिंह चंदेल, एडीएम श्री बालोदिया, जिला पंचायत सीईओ एचपी वर्मा, सीएमएचओ डॉ. एएल शर्मा, एडिशनल एसपी गजेंद्र सिंह कंवर, एसडीएम अतेंद्र सिंह गुर्जर, सीएमओ केके पटेरिया, यातायात प्रभारी रणवीर यादव सहित नगर पालिका के अमले और प्रशासनिक दस्ते के साथ पुराना बस स्टेंड क्षेत्र पहुंची। जहां उन्होंने सफाई अभियान की शुरूआत की। जहां उन्होंने स्वयं हाथ में झाडू लेकर अधिकारियों के साथ मिलकर सडक़ों पर झाडू लगाई।
इस दौरान रोडवेज बस स्टेंड के गेट के पास किराने की दुकान के आगे कचड़ा पड़ा मिला। जिस पर कलेक्टर ने दुकानदार को बुलाकर उसकी फटकार लगाई और उसे निर्देशित किया कि वह दुकान के आगे डस्टविन रखे। इसके बाद कलेक्टर माधव चौक चौराहे पहुंची। जहां नव निर्माण माधव चौक चौराहे की रैलिंग पर लगे बैनर को देखकर भडक़ गई और उक्त बैनर को हटवाकर चौराहे के चारों कोनों पर लगे बैनरों को हटाने के निर्देश दिए और उन पर कार्रवाई करने की बात कही।
साथ ही उन्हें शिवपुरी टॉकिज के नीचे खुले में लघुशंका करते हुए कुछ लोग दिखाए दिए। जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की और सीएमओ को निर्देशित किया कि टेंकर बुलाकर इस जगह को साफ कराएं और यहां पर अघोषित शौचालय संचालित न होने दें। कलेक्टर ने तोता चाय वाले के पास सडक़ पर लगे पोहे के ठेलों को भी जप्त करने का निर्देश दिया।
इसके बाद वह गांधी चौक पर पहुंची। जहां हनुमान गली में पड़ी गंदगी को झाडू लगाकर साफ किया। वहीं भोला ब्रदर्स के नाम से दुकान संचालित करने वाले दुकानदार को डस्टविन न होने पर फटकार लगाई और उससे कहा कि तुम्हारे ऊपर चालान नहीं होगा। तुम्हारी दुकान को ही सील्ड करने की कार्रवाई की जाएगी।
गांधी चौक पर बैठे पटवों को दिए हटाने के निर्देश
गांधी चौक पर कुछ पटवे दुकान लगाए हुए थे। जिन्हें देखकर कलेक्टर ने यातायात प्रभारी रणवीर यादव को उन्हें यहां से हटाकर निर्धारित स्थान प्रायवेट बस स्टेंड पर पहुंचाने का निर्देश दिया। इस दौरान यातायात प्रभारी ने कलेक्टर को बताया कि पटवों को उन्होंने पूर्व में हटा दिया था। लेकिन वह निर्धारित स्थान पर जाने को तैयार नहीं हैं। उनकी मांग है कि वहां टीनशेड लगवाई जाए।
इस पर कलेक्टर ने कहा कि जब वह गांधी चौक पर बैठते थे तब यहां टीनशेड लगी हुई थी क्या? इस पर यातायात प्रभारी ने ना में उत्तर दिया। जिस पर कलेक्टर ने कहा कि जब यहां टीनशेड नहीं थी तो वहां कैसे टीनशेड की मांग कर रहे हैं। इसलिए इन पर सख्ती की जाए।
वहीं यातायात प्रभारी को निर्देशित किया कि कोर्ट रोड़ पर कोई भी ठेला नहीं लगना चाहिए। इन्हें ठंडी सडक़ पर शिफ्ट करने की जिम्मेदारी यातायात विभाग और नगर पालिका लें और एक-दो दिन में इन ठेलों को वहां शिफ्ट कराएं।
नल कनैक्शनों का रूटचार्ट न बनने पर व्यक्त की नाराजगी
कलेक्टर ने कॉलोनियों में नल कनेक्शनों के रूटचार्ट को लेकर भी सीएमओ को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि उन्हें रूटचार्ट बनाने का निर्देश दिया गया था, उसका क्या हुआ। इस पर सीएमओ ने बचने का प्रयास किया तो सीएमओ को निर्देशित किया कि वह अभिलंब रूटचार्ट तैयार कर कनैक्शनों की रूपरेखा बनाए। जिससे लोगों को आने वाले गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से न जुझना पड़े।

