करैरा। जिले के करैरा के ग्राम जुझाई में रहने वाला एक युवक उस समय ठगी का शिकार हो गया। जब उसने करैरा में किसी अखबार में आए विज्ञापन में दिए नम्बरों पर सम्पर्क कर अपनी खाली पड़ी जमीन में टॉवर लगवाने की मांग की। जिस पर टॉवर लगवाने वाली कम्पनी के कर्मचारियों ने उसे बातों में लेकर उससे 47 हजार रूपए खाते में जमा करा लिए और रूपए आने के बाद अपने मोबाइल बंद कर लिए। पीडि़त युवक ने चार लोगों के खिलाफ धोखाधडी का मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मण जाटव पुत्र गंगाराम जाटव निवासी जुझाई ने करैरा में विगत माह एक समाचार पत्र में आए विज्ञापन को देखा। जिसमें खाली जमीन पर टॉवर लगाने का उल्लेख था। लक्ष्मण ने उक्त एड को देखकर उसपर दिए नम्बरों को ट्राय किया।
जिस पर उसकी बात किसी अन्नू शर्मा से हुई और उसने टॉवर लगाने के एवज में एक मोटी रकम किराए के रूप में देने और घर के एक सदस्य को नौकरी देने की बात बताई। जिस पर लक्ष्मण लालच में आ गया और उसने ठग द्वारा बताए गए सभी दस्तावेज तैयार कर लिए। बाद में उसका सम्र्क किसी जैनिस मैडम से हुआ जिसने कम्पनी की सारी शर्ते बताई और कुछ दिनों बाद उसके मोबाइल पर खुशबू खान का फोन आया।
जिसने उसे बताया कि उसकी जमीन पर कम्पनी टॉवर लगाने तैयार हो गई है और उसकी बात कम्पनी के चैयरमेन से कराई। जिसने उसे शुभकामनाएं देेते हुए कहा कि टॉवर लगाने से पहले उसे कम्पनी की शर्ते स्वीकार करनी होंगी और टॉवर लगने से पहले उसे सुरक्षानिधि 47 हजार रूपए जमा करनी होगी। ठगों की बातों में आकर लक्ष्मण ने ठगों द्वारा बताए गए बैंक खाते में 47 हजार रूपए जमा कर दिए और जमा करने के बाद उनसे सम्पर्क किया तो उसे आश्वस्त किया कि जल्द ही टॉवर लगने का कार्य शुरू हो जाएगा।
फिर उसके बाद से वह सारे मोबाइल बंद हो गए और किसी से कोई सम्पर्क नहीं हो सका। बाद में लक्ष्मण ने ठगी की शिकायत आवेदन देकर पुलिस से की। जिसकी जांच के बाद पुलिस ने कायमी कर ली और कम्पनी के चैयरमेन सहित खुशबू खान, जैनिस मैडल और अन्नू शर्मा के खिलाफ भादवि की धारा 420 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली।

