फतेहपुर हत्याकाण्ड: SDO पर भी हत्या का मामला दर्ज, परिवार सहित फरार

Bhopal Samachar

करैरा। पिछले दिनो हुई एक बाल्मीक समाज के युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 14 आरोपी बनाए थे। जिसमें 10 आरोपी नामजद और 4 आरोपी अज्ञात थे। पुलिस की जांच में आज फोरेस्ट के एसडीओ को इस हत्याकाण्ड में आरोपी बना दिया हैं। बताया जा रहा हैं वे घटना के बाद ही अपने परिवार सहित फरार हैं।

जानकारी के अनुसार सोनचिरैया अभयारण्य की फतेहपुर वन चौकी के पास वाल्मीकि परिवार से झगड़े में मदन वाल्मीकि की गोली मारकर हत्या की घटना के बाद पुलिस ने उसी दिन दस नामजद सहित चार अज्ञात आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया था।

पुलिस ने घटना के तीसरे दिन एक अज्ञात आरोपी की पहचान एसडीओ केपी भासले के रूप में कर ली है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ करने पर सामने आया कि घटनाक्रम के बाद एसडीओ भासले ने पूरी टीम को करैरा थाने की बजाय सिटी कोतवाली शिवपुरी में एफआईआर दर्ज कराने भेज दिया।

जबकि खुद अपने बंगले पर चले गए। नेशनल पार्क के अधिकारी-कर्मचारियों ने संपर्क करना चाहा, तब पता चला कि वह अपने परिवार को लेकर बिना बताए चले गए हैं।

तीसरे दिन छठवां आरोपी गिरफ्तार, आठ फरार:
करैरा थाना पुलिस ने हत्या की घटना के दूसरे दिन सोमवार की रात पांच आरोपी आरोपी रेंजर सुरेश कुमार (56) पुत्र नाथूराम शर्मा, रवि उर्फ रविशंकर तिवारी पुत्र हरीमोहन तिवारी, नंदराम पुत्र रघुवीरसिंह जाटव, रामेश्वर पुत्र रामपाल रावत, दिनेश त्रिपाठी पुत्र हरिराम त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपियों से 12 बोर की दो बंदूकें भी जब्त की गईं हैं।

वहीं मंगलवार को छठवें आरोपी राम नरेश पुत्र अमरसिंह सेंगर निवासी हाथीखाना शिवपुरी को मंगलवार को आईटीबीपी कैंपस के बाहर से गिरफ्तार किया है। अब आठ आरोपी फरार हैं। जिनमें तीन अज्ञात हैं और एक एसडीओ भासले शामिल हैं।

अज्ञात आरोपियों में एसडीओ शामिल
चार अज्ञात में से एक आरोपी की पहचान एसडीओ केपी भासले के रूप में हुई है। छानबीन में पता चला है कि वह परिवार सहित उसी दिन चले गए। आरोपी की तलाश कर जल्द गिरफ्तार कर हैं। अभी तक छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। शेष को जल्द गिरफ्तार करेंगे। मामले में विवेचना जारी है।
राकेश शर्मा, टीआई, थाना करैरा
G-W2F7VGPV5M