तेंदुए ने किया गाय के बछडे का शिकार, अब गांव में दहशत | Shivpuri news

शिवपुरी|नेशनल पार्क सीमा से लगे कोटा और तेंदुआ गांव में तेंदुआ देखा जा रहा है। तेंदुए ने सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात एक गाय के बछड़े का शिकार किया है। सूचना पर नेशनल पार्क टीम से बीट प्रभारी ने जाकर पंचनामा तैयार किया है।

कोटा गांव में मनोज पुत्र सीताराम दुबे के कृषि फार्म पर तेंदुए ने गाय के दो साल के बछड़े का शिकार कर लिया। किसान कुलवीर सिंह पुत्र गुरुदेवसिंह ने अपनी आंखों से तेंदुए को बछड़े का शिकार करते हुए देखा है। नेशनल पार्क में बीट कक्ष क्रमांक 48 की सीमा से 100 मीटर पर गाय के बछड़े का शिकार किया है।

इससे पहले भी हातौद व कोटा गांव में तेंदुए के पगमार्क देखे जा रहे हैं। हालांकि अभी किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। तेंदुए द्वारा अधिकतर पालतू पशुओं का शिकार किया गया है। तेंदुए को लेकर गांव वालों में दहशत का माहौल है।