मोहन कर रहा हैं किसानो के साथ धोखाधडी, सम्मान निधि हडपने का आरोप | kolaras news

Bhopal Samachar

कोलारस। खबर जिले की कोलारस विधानसभा से आ रही हैं जहां विधानसभा क्षेत्र में आने वाले खतौरा कस्बे में स्थित एक ग्राहक सेवा केन्द्र पर किसानो के साथ धोखाधडी का मामला प्रकाश में आया हैं। बताया जा रहा हैं सेवा केन्द्र पर किसानो की सम्मान निधि हडपी जा रही हैं।
 
खतौरा कस्बे में बिजरौनी रोड़ के पास एक निजी मकान में संचालित ग्राहक सेवा केंद्र पर किसानों के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। किसानों का आरोप है कि भारत सरकार द्वारा बैंक खातों में सम्मान निधि की रकम जारी की जा रही है, लेकिन ग्राहक सेवा केंद्र संचालक उनसे थंब इंप्रेशन मशीन में अंगूठा लगवाता है, फिर बाद में आकर नगद रुपए ले जाने की बात कहता है। वापस आने पर कम रकम देकर गुमराह करता है। इस तरह उनके हक की सम्मान निधि हड़पी जा रही है।

किसानों ने बताया कि महेंद्रसिंह यादव के मकान में एसबीआई का ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन मोहन कुमार नामदेव करता है। ग्राहकों के खातों से बिना बताए राशि निकालता आ रहा हैं। ग्राहक सेवा केंद्र के बाहर खड़े आस-पास गांवों से आए ग्रामीण दशरथ जाटव कुटवारा, ऊधम सिंह जाटव टोरिया, अशोक रघुवंशी गिन्दोरा, रतिराम जाटव मगरौरा, विजय सिंह यादव पीरोंठ, विनकेश यादव पीरोंठ सहित खुद मकान मालिक ने यह आरोप लगाए हैं।

टरका रहा है संचालक
6 तारीख को मैंने 4000 रुपए खाते निकाले थे, लेकिन अभी तक नहीं मिले हैं। सेंटर संचालक ने कहा कि बाद में ले जाना। जब भी आता हूं, टरका देता है। दशरथ जाटव,कुटवारा

कह रहे हैं सोमवार को आओ
किसान सम्मान निधि की राशि खाते में आई है। सेंटर संचालक ने कहा कि दो घंटे बाद ले लेना। फिर दूसरे दिन आने के लिए कहा। अब सोमवार को देने की बात कह रहा है। अशोक सिंह रघुवंशी, गिंदौरा

चार दिन से परेशान हूं
मुझे वृद्धावस्था पेंशन मिलती है जिसके 600 रु और किसान निधि के 2000 रुपए दोनों निकालने के लिए चार दिन से चक्कर काट रहा हूं। सिर्फ एक हजार रुपए दिए हैं, बाकी के रुपए मुझे नहीं मिले हैं। ऊधम जाटव, टोरिया

ऐसा नहीं है, आरोप गलत
 ऐसा कुछ नही हैं। खातों में राशि एक दो दिन बाद आती हैं। दो दिन से में बाहर हूं। जिन लोगाें के एक-दो हजार ज्यादा निकले हैं, वही लोग बाहर खड़े होंगे। मोहन कुमार नामदेव,संचालक ग्राहक सेवा केंद्र खतौरा
G-W2F7VGPV5M