बड़ा सवाल: जिला अध्यक्ष पद पर क्या सुशील रघुवंशी रिपीट होंगे | Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष पद के लिए आयु सीमा 50 से 55 वर्ष तक सीमित होने के कारण इस पद के कई प्रबल दावेदार दौड़ से बाहर हो गए हैं। इनमें प्रमुख रूप से पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, जिला महामंत्री ओमप्रकाश शर्मा गुरू, जगराम सिंह यादव आदि मुख्य हैं।

अपवादस्वरूप स्थिति में आयु सीमा 50 से बढ़ाकर 55 किए जाने के कारण जो नाम फिर से दौड़ में शामिल हुए हैं उनमें मछुआ कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष राजू बाथम और वर्तमान जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी भी हैं। जो कि 55 वर्ष की उम्र की रेंज में होने के कारण दौड़ में बने हुए हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी निवर्तमान जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत की पसंद माने जाते हैं, लेकिन उनकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि उनमें गुटीय प्रतिबद्धता प्रबल रूप में नहीं है और अन्य गुटों के नेताओं से भी उनका समन्वय बना हुआ है। मुख्य रूप से पूर्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के दरबार में भी वह हाजिरी देते रहे हैं। जबकि जिलाध्यक्ष पद के कई दावेदार ऐसे हैं जो एक गुट विशेष से सम्बद्ध हैं और दूसरे गुट से एक तरह से उनका अनबोला है।

पिछले दिनों यशोधरा राजे सिंधिया ने भाजपा कार्यालय पर संगठन मंत्री अखिलेश तिवारी के साथ कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उसमें अध्यक्ष पद के कुछ दावेदार नदारद थे।

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने अपना नाम न छापने की शर्त पर खुलकर कहा कि वह जब भी यशोधरा राजे सिंधिया पार्टी कार्यालय आकर बैठक लेती हैं वह नहीं जाते हैं। लेकिन भाजपा सूत्र ने स्पष्ट किया कि जिलाध्यक्ष जो भी बनेगा उसके नाम पर यशोधरा राजे सिंधिया की एनओसी आवश्यक होगी। ऐसे में जिलाध्यक्ष वहीं बन पाएगा जिनके नाम पर यशोधरा राजे सिंधिया अपना अनापत्ति प्रमाण पत्र दें।

इससे ऐसा लग रहा है कि शायद कट्टर यशोधरा विरोधी दावेदार जिलाध्यक्ष की कुर्सी तक नहीं पहुंच पाएगा। हालांकि जिलाध्यक्ष पद के लिए यशोधरा राजे सिंधिया खेमे से भी कुछ दावेदार हैं। लेकिन वह जिलाध्यक्ष बन पाएंगे या नहीं बन पाएंगे यह स्पष्ट नहीं है।

पार्टी का जिलाध्यक्ष भले ही वरिष्ठ नेताओं की सर्वसम्मति से न चुना जाए, लेकिन आम सहमति से उसका नाम अवश्य फाइनल होना चाहिए और शायद यहीं गणित वर्तमान जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी की ताकत बना हुआ है। जहां तक उनकी आयु का सवाल है बताया जाता है कि वह 55 वर्ष के हैं और अपवादस्वरूप स्थिति में जहां तक आयु का सवाल है उन्हें कोई दिक्कत नहीं है।


ये हैं जिलाध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार
भाजपा जिलाध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदारों में वर्तमान जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी के अलावा राजू बाथम, राजकुमार खटीक, हेमंत ओझा, धैर्यवद्र्धन शर्मा, अरविंद बैडर, सोनू बिरथरे, विपिन खेमरिया, अजीत जैन, भानू दुबे, हरिओम राठौर, दिलीप मुदगल आदि दावेदार हैं।

जिनमें कुछ गुपचुप रूप से तो कुछ खुले रूप से अपने नाम को आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं। हर दावेदार का कोई न कोई गॉड फादर है, लेकिन उनके अलावा वह अपने विरोधी गुट के वरिष्ठ नेताओं की सहमति लेने में भी जुटा हुआ है।

बताया जाता है कि जिलाध्यक्ष पद के लिए चयनित मंडल अध्यक्ष और प्रत्येक मंडल से नामित एक एक व्यक्ति से पूछताछ कर दो दो नाम लिए जाएंगे। जिलाध्यक्ष पद का चुनाव 30 नवम्बर को है। 
G-W2F7VGPV5M