भाजपा में मंडल अध्यक्षों की घोषणा के बाद अब जिलाध्यक्ष पर सबकी नजर, 30 तक हो सकती है घोषणा, उम्र के बंधन के चलते दिग्गज धरासाई

Bhopal Samachar
शिवपुरी। भाजपा मंडल अध्यक्षों के चुनाव के बाद अब सबकी नजरें पार्टी के जिलाध्यक्ष पद पर केंद्रित हो गई हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार 30 नवम्बर तक जिलाध्यक्ष पद का चुनाव हो जाएगा। भाजपा ने मंडल अध्यक्षों के लिए निर्धारित आयु सीमा 40 वर्ष तय की है जिसका मंडल अध्यक्षों के चयन में अक्षरश पालन हुआ है।

जिलाध्यक्ष पद के लिए आयु सीमा 50 वर्ष निर्धारित की है। इससे कई नए दावेदारों को जिलाध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इस आयु वर्ग के भी पार्टी में कई दावेदार हैं। परंतु उम्र के बंधन के चलते जिलाध्यक्ष की आस लगाकर बैठे दिग्गज अब धरासाई नजर आ रहे है। जिसके चलते अब युवाओं को आगे आने का मौका मिलता दिखाई देगा।


50 वर्ष तक की आयु के प्रमुख दावेदारों में हेमंत ओझा, सुरेंद्र शर्मा, धैर्यवद्र्धन शर्मा, सोनू बिरथरे, भानु दुबे, मुकेश सिंह चौहान आदि के नाम लिए जा रहे हैं। इनमें हेमंत ओझा वर्तमान में भाजपा जिला उपाध्यक्ष हैं जबकि सुरेंद्र शर्मा और धैर्यवद्र्धन शर्मा भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य हैं। सोनू बिरथरे भाजयुमो के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं जबकि भानु दुबे भाजपा नगर मंडल के अध्यक्ष थे।

मुकेश सिंह चौहान भाजयुमो के वर्तमान जिलाध्यक्ष हैं। जबकि 50 वर्ष से अधिक की आयु के प्रमुख दावेदारों में राजू बाथम, प्रहलाद भारती, अरविंद बेडर और अशोक खण्डेलवाल का नाम लिया जा रहा है। राजू बाथम 52 वर्ष के हैं और भाजपा शासनकाल में उनके पास राज्यमंत्री पद का दर्जा था। वह संघ के निकटस्थ हैं और उम्र में रियायत बरती गई तो वह जिलाध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार हैं।

जबकि प्रहलाद भारती पूर्व विधायक हैं और वह यशोधरा राजे खेमे के माने जाते हैं। 58 वर्षीय प्रहलाद भारती उम्रबंधन से पूर्व जिलाध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार थे। अशोक खण्डेलवाल भाजपा जिला उपाध्यक्ष रह चुके हैं जबकि अरविंद बैडर करैरा के हैं और वह पार्टी में अनेेक वर्षों से सक्रिय होकर प्रमुख पदों पर रहे हैं।

G-W2F7VGPV5M