खनियाधाना। खबर शिवपुरी जिले के खनियाधांना थाने से आ रही हैं। जहां एक छेडछाड के आरोपी की थाने मे मौत हो गई। परिजनों का आरोप हैं कि पुलिस ने पीट-पीट कर मार डाला। इस मामले मे पुलिस का कहना हैं कि छेडछाड के आरोप में युवक के बंद किया था। इससे पहले उसे पब्लिक ने पकड़कर पीटा था। भीड़ की पिटाई से उसकी मौत हुई है।
जानकारी के मुताबिक शोभाराम लोधी (35) पुत्र रामप्रसाद लोधी निवासी रमपुरा को पुलिस महिला के साथ छेड़छाड़ के आरोप में पकड़कर थाने लाई थी। महिला के परिजनों ने शोभाराम पर साड़ी खींच देने का आरोप लगाया और गांव में ही मारपीट कर दी। फिर डायल 100 पर फोन लगाकर पुलिस को बुलवा लिया।
एफआरव्ही गाड़ी में शोभाराम को शाम करीब 5 बजे बिठाकर पुलिस खनियाधाना थाने ले आई। थाने में महिला की तरफ से शोभाराम के खिलाफ धारा 354 के तहत मुकदमा पंजीबद्ध कर लिया। पीछे से शोभाराम के दो बड़े भाई शिवराज सिंह लोधी और केरनसिंह लोधी सहित मां व पत्नी भी पहुंच गई।
शोभाराम की मारपीट होने पर बड़े भाईयों ने महिला के परिजनों पर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। भाई केरन लोधी का कहना है कि पुलिस ने भी शोभराम को बुरी तरह पीटा। पुलिस ने शोभाराम की तरफ से मारपीट का मुकदमा दर्ज करना शुरू किया तो रात 8.30 बजे अचानक उसे चक्कर आ गए और शोभाराम जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस तुरंत शोभाराम को अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस हिरासत में शोभाराम की मौत हो जाने पर मामला बिगड़ गया।
अस्पताल के अंदर शोभाराम की लाश स्ट्रेचर पर रखी। परिजन व अन्य लोग लाश उठाकर बाहर ले आए और जमीन पर रख दी। यहां भाई शोभाराम की लाश से लिपटते हुए बड़ा भाई केरन लोधी रोता नजर आया। रोते हुए कहा कि भईया ने पानी मांगो, उनने नहीं देन दओ। केरन का आरोप है कि पुलिस वालों ने हमारे सामने शोभाराम को पीटा। इस मारपीट से उसकी मौत हो गई।
मृतक के दोनो भाई बीमार अस्पताल में भर्ती
अपने छोटे भाई शोभाराम को मृत देख उसकी लाश पर ही बड़ा भाई शिवराज लोधी बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद बड़े भाई केरन लोधी की भी हालत बिगड़ गई। बेहोशी की हालत में रात 9.30 बजे दोनों को अस्पताल ले जाया गया। यहां इनका इलाज चल रहा है। पुलिस देर रात तक दोनों भाईयों के होश में आने का इंतजार करती रही। वहीं थाना परिसर में मृतक शोभाराम की पत्नी शारदा और मां कपूरी लोधी का भी रो-रोकर बुरा हालत था। गांव से 40-50 ग्रामीण थाना परिसर में मौजूद थे।
पिटाई से हुई मौत
मौत महिला के परिजनों द्वारा हुई मारपीट की वजह से सामने आ रही है। मृतक के परिजनों की रिपोर्ट पर महिला के परिजनों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करेंगे।
रत्नेश तोमर, एसडीओपी पिछोर

