शव को मुक्तिधाम ले जाने के लिए अब शांति वाहन, एक कॉल पर 15 मिनट में वाहन घर पहुंचेगा

शिवपुरी। मुक्तिधाम तक शव ले जाने के लिए नगरपालिका में नया वाहन अाया है जिसे शांति वाहन नाम दिया गया है।एक कॉल पर 15 मिनट में शांति वाहन दु:खी परिवार के घर पहुंचेगा और शव के साथ 4 परिजन भी बैठकर वाहन से मुक्तिधाम तक जा सकेंगे।

दरअसल नगरपालिका इस प्रयास में लंबे अर्से से थी कि वह कोई शव वाहन नगरपालिका के माध्यम से संचालित करे। लेकिन नपा का यह प्रयास अब अंतिम चरण में पूरा हुआ है। जिसमें जेम पोर्टल के जरिए 13 लाख रुपए की लागत से इस शांति वाहन को क्रय किया गया है।

जिसमें एक स्ट्रेचर है जिसे बीच में रखने के लिए स्टेंड है और दोनों तरफ इसमें बैठने के लिए सीटें है। नपा के प्रभारी सीएमओ गोविंद भार्गव की माने तो इसमें 4 लोग आसानी से बैठकर मुक्तिधाम तक जा सकेंगे। और वहां शव की अंतिम क्रिया को कर सकेंगे।

परिषद लेगी निर्णय, गाडी नि:शुल्क भेजनी है या सशुल्क

नगर पालिका अध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह का कहना है कि वह लंबे अर्से से इस वाहन को लाने की फिराक में थे लेकिन यह जेम पोर्टल के जरिए आखिर आ ही गया। इसके आने से अब लोगों को मुक्तिधाम तक शव ले जाने की परेशानी नहीं रहेगी। इसके लिए नपा में हम एक आपात कंट्रोल रुम भी बनांएगें। जिसके लिए एक अधिकारी की नियुक्ति भी करेंगे।

शांति वाहन जिनको चाहिए वह एक कॉल निर्धारित नंबर पर करेंगे और 15-30 मिनट की अवधि में शहर के हर कोने में यह वाहन पहुंच जाएगा। इसके लिए क्या राशि तय करनी है और क्या व्यवस्था रखनी है। इसका निर्णय हम परिषद की बैठक में पार्षदों की सहमति से तय करेंगे।

 लंबे अर्से से मैं इस प्रयास में लगा था, अब पूरा हो गया

लंबे अर्से से मेरी कोशिश थी मुक्तिधाम तक शव ले जाने के लिए शव वाहन नपा उपलब्ध कराए। जो अाज पूरी हो गई है। अब हम परिषद की बैठक कर इसके संचालन के नियम तय करेंेगे। एक अच्छे ड्राइवर को इसके संचालन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी और नपा के कर्मचारी की ड्यूटी भी हम स्थायी रुप से लगाएंगे।
मुन्नालाल कुशवाह,नपाध्यक्ष शिवपुरी